menu-icon
India Daily

झारखंड के छात्रों के लिए बड़ी खबर, 8वीं और 9वीं की परीक्षा स्थगित; जानें क्या है वजह

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 8वीं और 9वीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. 8वीं परीक्षा 28 जनवरी और 9वीं परीक्षा 29-30 जनवरी को होनी थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से अब इन्हें स्थगित किया गया है. नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। सभी परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं.

princy
Edited By: Princy Sharma
झारखंड के छात्रों के लिए बड़ी खबर, 8वीं और 9वीं की परीक्षा स्थगित; जानें क्या है वजह
Courtesy: Pinterest

JAC 8th-9th Board Exam: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 8वीं और 9वीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. 8वीं की परीक्षा 28 जनवरी को होने वाली थी और  9वीं की परीक्षा 29-30 जनवरी को. लेकिन अब अपरिहार्य कारणों से इन्हें स्थगित कर दिया गया है. JAC सचिव जयंत कुमार मिश्र ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया है और बताया है कि नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी.

JAC ने सभी जिलों को आदेश दिए हैं कि परीक्षा से संबंधित सभी सामग्री जैसे प्रश्नपत्र, रोल शीट, ओएमआर शीट और उपस्थिति पत्रक को सुरक्षित रखा जाए. इसके अलावा, सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रश्नपत्रों को वज्रगृह में सुरक्षित रखें और इसे सील करके रखें.

क्या है वजह?

जानकारी के मुताबिक, JAC अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद 18 जनवरी के बाद से खाली है.अध्यक्ष की भूमिका के बिना, JAC के लिए परीक्षा आयोजित करना मुश्किल हो गया है. जानकारी के लिए बता दें, परीक्षा और गोपनीय कार्यों की जिम्मेदारी अध्यक्ष पर होती है, इसलिए इस बार परीक्षा स्थगित की गई है. 2021 में भी इसी कारण मैट्रिक और इंटर की परीक्षा स्थगित करनी पड़ी थी.

मैट्रिक और इंटर परीक्षा पर भी संकट

8वीं और 9वीं की परीक्षा स्थगित होने के बाद, अब JAC  की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं. इन परीक्षाओं का आयोजन 11 फरवरी से 3 मार्च के बीच होना था. अगर फरवरी के पहले हफ्ते तक JAC  के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होती, तो इन परीक्षाओं की तिथि भी बढ़ाई जा सकती है. इसके साथ ही, मैट्रिक के एडमिट कार्ड 25 जनवरी से जारी होने थे, लेकिन वे अब तक नहीं जारी हो सके हैं. इंटरमीडिएट के प्रवेश पत्र भी 28 जनवरी से मिलने थे, लेकिन समय पर मिलने की संभावना कम दिख रही है.