हरियाणा में हीट वेव ने बढ़ाई टेंशन, पारा पहुंचा 43 डिग्री के पार; इन शहरों में जारी हुआ अलर्ट
हरियाणा में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. फरीदाबाद सबसे गर्म शहर रहा. मौसम विभाग और विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में और तेज गर्मी और हीट वेव की चेतावनी दी है.
चंडीगढ़: हरियाणा में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मरूस्थलीय शुष्क और गर्म हवाओं के कारण पूरे राज्य में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. दोपहर का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है और अधिकतर शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है.
सबसे ज्यादा तापमान फरीदाबाद में दर्ज किया गया, जहां पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा रोहतक, सिरसा, नारनौल और हिसार में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. इन शहरों में तापमान 42.1 से 43.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया.
रात के समय कितना रहा तापमान?
रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है. रात्रि तापमान 20.7 से 28.7 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. चरखी दादरी, भिवानी और नूंह में रात का तापमान 28 से 28.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ रहा है.
आने वाले दिनों में कैसी होगी स्थिति?
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्र मोहन के अनुसार आने वाले दिनों में हरियाणा में गर्मी और ज्यादा बढ़ने वाली है. भीषण लू और तेज धूप का असर लगातार बना रहेगा. हालांकि एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में कुछ बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं.
कब मिलेगी राहत?
उन्होंने बताया कि तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन इससे बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में तापमान का उछाल जारी रहेगा और कई स्थानों पर हीट वेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है.
लोगों के लिए क्या है सलाह?
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है. ज्यादा पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और सीधी धूप से बचना जरूरी बताया गया है. अप्रैल के अंतिम दिनों में ही इस तरह की गर्मी ने मई-जून की चिंता बढ़ा दी है. अगर यही हाल रहा तो आने वाले हफ्तों में तापमान और भी रिकॉर्ड तोड़ सकता है.