गुरुग्राम में दर्दनाक घटना, पति ने पत्नी की जान ली, फिर खुद को भी उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक दीपक और सोनम राजस्थान के अलवर के रहने वाले थे. दोनों ने आठ साल पहले लव मैरिज की थी. कपल अपने छह साल के बेटे के साथ किराए के मकान में रह रहा था. दीपक टैक्सी चलाता था. जानकारी के अनुसार दीपक को शराब की लत थी.
हरियाणा: गुरुग्राम के सेक्टर-9 स्थित अंबेडकर नगर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां 33 साल के टैक्सी ड्राइवर दीपक कुमार ने पहले अपनी पत्नी सोनम बाई की हत्या कर दी और बाद में खुद भी जान दे दी.
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक दीपक और सोनम राजस्थान के अलवर के रहने वाले थे. दोनों ने आठ साल पहले लव मैरिज की थी. कपल अपने छह साल के बेटे के साथ किराए के मकान में रह रहा था. दीपक टैक्सी चलाता था. जानकारी के अनुसार दीपक को शराब की लत थी. शादी के बाद से ही इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. करीब एक महीने पहले दीपक अपनी पत्नी से अलग रहने लगा था. इसके बाद सोनम ने अपनी बहन अमृता को अपने साथ रहने के लिए बुला लिया था.
कैसे खुला मामला
शनिवार को अमृता किसी काम से बाहर गई थी. जब वह घर लौटी तो उसने सोनम को रसोई में मृत पाया. दूसरे कमरे में दीपक का शव भी मिला. उस समय घर में उनका छह साल का बेटा भी मौजूद था. अमृता ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया. पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं. पुलिस ने दीपक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपक शराब पीने का आदी था. जब भी सोनम उसे रोकती थी तो दोनों के बीच बहस और लड़ाई हो जाती थी. इसी विवाद के चलते दीपक एक महीने से अलग रह रहा था.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. सबसे ज्यादा चिंता छह साल के बच्चे को लेकर है, जिसने इतनी छोटी उम्र में माता-पिता दोनों को खो दिया. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके.