गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक लिव इन में रहने वाले युवक और उसकी पार्टनर ने मिलकर एक 40 साल के व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार हत्या की वजह लिव इन पार्टनर पर बुरी नजर और उससे दोस्ती करने का दबाव था.
मृतक का नाम सोनपाल था और वह एक निजी कंपनी में काम करता था. इसी कंपनी में कुशल पाल नाम का युवक भी काम करता था जो सोनपाल के अधीनस्थ था. कुशल पाल अपनी पार्टनर भावना के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था.
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनपाल लगातार कुशल पाल पर उसकी पार्टनर भावना से दोस्ती करने का दबाव डाल रहा था. यही बात कुशल को पसंद नहीं आई और वह गुस्से में आ गया और उसने भावना के साथ मिलकर सोनपाल को रास्ते से हटाने की योजना बना ली.
दोनों ने साजिश के तहत उसे किसी बहाने से बुलाया और उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद दोनों फरार होने की कोशिश में थे लेकिन पुलिस ने समय रहते दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक सोनपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला था. वह गुरुग्राम के खोह गांव में किराए पर रहता था और मानेसर के इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप में काम करता था.
आरोपी कुशल पाल उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का निवासी है और उसकी उम्र 26 साल है. उसकी लिव इन पार्टनर भावना कासगंज की रहने वाली है और उसकी उम्र 19 साल है. दोनों आईएमटी मानेसर के सेक्टर एक के एक घर में साथ रह रहे थे. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. उन्होंने स्वीकार किया कि सोनपाल के व्यवहार और भावना से दोस्ती करने के उसके दबाव की वजह से दोनों ने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस अब इस मामले में अन्य एंगल से भी जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या घटना में कोई तीसरा व्यक्ति शामिल था या क्या किसी और के उकसाने पर हत्या की गई. पुलिस ने आसपास रहने वालों और कंपनी में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.