Gurugram Rain: बारिश में गुरुग्राम की सड़के बनी तालाब, ट्रैफिक में फंसे लोग, नोएडा वालों ने तस्वीरें, वीडियो शेयर कर लिए मजे
दिल्ली-एनसीआर में बारिश से गुरुग्राम में भारी जलभराव और जाम की स्थिति बनी, जबकि नोएडा में ट्रैफिक सामान्य रहा. सोशल मीडिया पर 'नोएडा बनाम गुरुग्राम' के वीडियो वायरल हुए, जिनमें लोगों ने नोएडा की बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और साफ-सफाई की तारीफ की. वहीं गुरुग्राम की अव्यवस्था पर सवाल उठे.
Gurgaon Rain: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई भारी बारिश ने आम लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी. सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में देखने को मिला, जहां जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम ने लोगों को घंटों तक सड़क पर रोक दिया. दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल हुए जिनमें लोग छह-छह घंटे तक गाड़ियों में फंसे नजर आए.
गुरुग्राम के पॉश इलाकों में भी पानी भर गया. कई जगहों पर गाड़ियां पानी में डूबते-डूबते बचीं. इसी बीच सोशल मीडिया पर 'नोएडा बनाम गुरुग्राम' की बहस फिर शुरू हो गई. नोएडा के कंटेंट क्रिएटर्स ने ऐसे वीडियो साझा किए जिनमें दिखाया गया कि बारिश के बावजूद वहां ट्रैफिक सामान्य रूप से चलता रहा.
इंस्टाग्राम के वीडियो पर टिप्पणी
इंस्टाग्राम पर हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो में नोएडा की चौड़ी सड़कों और सुचारू ट्रैफिक की तुलना गुरुग्राम की सड़कों से की गई, जहां बसें पानी में धंसती नजर आईं. पोस्ट में लिखा गया, 'नोएडा बनाम गुरुग्राम'. एक्स पर भी कई यूजर्स ने अपने अनुभव साझा किए. एक पोस्ट में लिखा गया, 'आज 120 किलोमीटर तक ड्राइव की, बारिश और जाम के बीच. मानना पड़ेगा कि नोएडा की सड़कें गुरुग्राम से कहीं ज्यादा व्यवस्थित और साफ हैं. केवल कुछ ही जगहों पर पानी भरा था.'
यूजर ने की टिप्पणी
एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, 'नोएडा एक प्लान्ड सिटी है जिसे सरकारी एजेंसियों ने बनाया, जबकि गुरुग्राम निजी बिल्डरों की महत्वाकांक्षा का नतीजा है.' वहीं, कुछ लोगों का मानना था कि इस बहस में हमेशा नोएडा ही इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में जीतता है.
और पढ़ें
- Delhi Flood alert: यमुना उफान पर, दिल्ली के घरों में घुसा बाढ़ का पानी; गुरुग्राम में स्कूल और ऑफिस बंद
- Delhi Weather Update: सितंबर की शुरुआत में बारिश का कहर, सड़कों पर जलभराव से जाम में डूबी दिल्ली, IMD ने जारी किया ये अलर्ट
- दिल्ली में बारिश का कहर जारी, पानी भरने से सड़कें जाम, मेट्रो ठप और उड़ानें हुईं लेट