कार ब्लास्ट के बाद फिर पटरी पर जिंदगी, नेताजी सुभाष मार्ग सहित पांच दिन बाद फिर खुले लालकिला मेट्रो गेट नंबर 1 और 2
लाल किला ब्लास्ट के बाद पांच दिनों तक बंद रहा नेताजी सुभाष मार्ग सुरक्षा एजेंसियों की जांच पूरी होने के बाद आज फिर से खोल दिया गया. सड़क और मेट्रो खुलते ही स्थानीय व्यापारियों और पर्यटकों ने राहत महसूस की.
नई दिल्ली: नई दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट ने न केवल राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को हिला दिया, बल्कि इसके बाद लगाए गए प्रतिबंधों ने पुरानी दिल्ली की रोजमर्रा की गतिविधियों को भी गहराई से प्रभावित किया.
पांच दिनों तक बंद रहने के बाद नेताजी सुभाष मार्ग को आज दोबारा खोल दिया गया, जिससे व्यापारियों, यात्रियों और स्थानीय निवासियों ने बड़ी राहत की सांस ली. सुरक्षा एजेंसियों की विस्तृत जांच के बाद यह फैसला लिया गया, जबकि इलाके में सतर्कता अब भी बरकरार है.
सुरक्षा कारणों से लगा था प्रतिबंध
बीते सोमवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम विस्फोट ने दिल्ली को दहला दिया था. इस धमाके में कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए, जिसे संभावित आतंकी हमले से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने नेताजी सुभाष मार्ग को छत्ता रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक पूरी तरह बंद कर दिया था, ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, एनआईए और दिल्ली पुलिस की टीमें बेधड़क जांच पूरी कर सकें.
व्यापारियों ने ली राहत की सांस
स्थानीय दुकानदारों ने मार्ग खुलने को बड़ी राहत बताया. फोटोग्राफी मार्केट के व्यापारी संजय शर्मा ने कहा कि पिछले पांच दिनों में ग्राहकों की आवाजाही लगभग शून्य रही, जिससे व्यापार में भारी गिरावट आई. कई दुकानदारों का कहना है कि इकट्ठा हुआ नुकसान पूरा होने में अब समय लगेगा, लेकिन मार्ग खुलने के बाद उम्मीदें फिर जगी हैं. लोगों ने सुरक्षा एजेंसियों की मेहनत की सराहना करते हुए जांच प्रक्रिया में सहयोग जारी रखने की अपील की है.
लाल किले में पर्यटकों का प्रवेश शुरू
लाल किले को भी सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किया गया था, लेकिन अब इसे फिर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है. हालांकि, परिसर और आसपास का इलाका अब भी कड़ी निगरानी में रहेगा. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा उपायों को बढ़ाया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर चौकस नजर रखी जा रही है. अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है.