'ट्रम्प की धमकियों से डरकर पीएम मोदी ने किया सीजफायर', आतिशी का बीजेपी पर हमला
AAP विधायक कुलदीप कुमार ने पूछा, “प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे ताकतवर नेता हैं, फिर क्यों नहीं कहते कि ट्रम्प झूठ बोल रहे हैं?” उन्होंने कहा कि सेना PoK लेने को तैयार थी, लेकिन सीजफायर ने मौका गंवा दिया.
दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन आम आदमी पार्टी (AAP) ने ऑपरेशन सिंदूर और सीजफायर को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला. AAP की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की धमकियों से डरकर पीएम नरेंद्र मोदी ने सीजफायर का फैसला लिया. आतिशी ने कहा, “जब ट्रम्प ने ट्वीट कर सीजफायर की बात कही, तो मुझे विश्वास नहीं हुआ. लेकिन हमारी सेना ने बाद में इसकी पुष्टि की.”
उन्होंने बीजेपी पर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या अमेरिका से व्यापार हमारी बहनों के सिंदूर से ज्यादा कीमती था कि मोदी जी ने सेना और देश को धोखा दिया?”
पहलगाम हमला और सेना की बहादुरी
आतिशी ने 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम हमले को याद करते हुए कहा कि आतंकियों ने निर्दोष लोगों की हत्या की, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया. उन्होंने आगे कहा, “पहलगाम में हमने अपनी बहनों को बिलखते देखा. फिर भी आतंकियों ने निहत्थे लोगों को मारा. इससे बर्बर कुछ नहीं हो सकता.” उन्होंने भारतीय सेना की तारीफ की, जिसने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को ढेर किया.
पाकिस्तान और आतंकियों में कोई अंतर नहीं
आतिशी ने आगे कहा, ''हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में दिखाया कि पाकिस्तान और आतंकियों में कोई अंतर नहीं. हमले पर हमला कर हमने उनके एयर बेस और न्यूक्लियर प्लांट को नुकसान पहुंचाया.”
बीजेपी की कायरता पर सवाल
आतिशी ने कहा कि पूरा देश चाहता था कि यह युद्ध निर्णायक हो, लेकिन ट्रम्प के ट्वीट के बाद सीजफायर की घोषणा हुई. आप नेता ने करा, “ट्रम्प ने 25 बार कहा कि उनकी धमकी से भारत ने युद्ध रोका. बीजेपी की कायरता के कारण हम पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को खत्म नहीं कर सके.” वहीं AAP विधायक संजीव झा ने कहा, “आतंकियों ने धर्म पूछकर हत्याएं कीं, लेकिन कुछ गद्दार भी देश में नफरत फैला रहे थे.”
पीओके लेने को तैयार थी सेना
AAP विधायक कुलदीप कुमार ने पूछा, “प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे ताकतवर नेता हैं, फिर क्यों नहीं कहते कि ट्रम्प झूठ बोल रहे हैं?” उन्होंने कहा कि सेना PoK लेने को तैयार थी, लेकिन सीजफायर ने मौका गंवा दिया.