15 साल से घर में काम कर रही मेड की हत्या, डॉक्टर ने उठाया खौफनाक कदम; जांच में हुए कई खुलासे
दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में क्रिकेट बैट और चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में हुई एक महिला की हत्या ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. 45 वर्षीय घरेलू सहायिका मीना की मौत के मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला पर क्रिकेट बैट और धारदार हथियार से हमला किया गया था. घटना के बाद इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है.
15 साल से कर रही थीं घर में काम
पुलिस के अनुसार मृतक महिला मीना पिछले करीब 15 वर्षों से डॉक्टर के घर में काम कर रही थीं. घटना वाले दिन भी वह रोज की तरह काम पर पहुंची थीं. कुछ घंटों बाद उनकी मौत की खबर सामने आई, जिससे परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए. पुलिस को सुबह एक कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी डॉक्टर पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन और ओसीडी जैसी समस्याओं का इलाज करा रहे थे. पुलिस अब उनके मेडिकल रिकॉर्ड और उपचार से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि घटना का सीधा संबंध उनकी मानसिक स्थिति से है या नहीं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.
घटना के समय घर में कौन कौन था मौजूद
पुलिस के अनुसार घटना के समय डॉक्टर का बेटा घर में मौजूद था, लेकिन उसकी भूमिका संदिग्ध नहीं पाई गई है. वहीं डॉक्टर की पत्नी उस समय घर पर नहीं थीं. स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना से पहले इलाके में चीखने और शोर की आवाजें सुनाई दी थीं. इसके बाद लोगों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ और सूचना पुलिस तक पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा पड़ोसियों, घरेलू कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारण और हमले की प्रकृति को लेकर अधिक जानकारी मिल सकेगी. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या हुआ था.