दिल्ली में मौसम किस मूड में? मई शुरु होने से पहले आंधी-पानी, क्या है एक सप्ताह के लिए IMD की भविष्यवाणी
दिल्ली और एनसीआर में मई की शुरुआत अनायास ठंडक भरी हो गई है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई.
नई दिल्ली: भीषण गर्मी की चपेट में झुलस रहे दिल्लीवासियों को अचानक राहत मिल गई है. मई महीने की शुरुआत में ही मौसम ने करवट ली और पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार सुबह से बादल छाए रहे. तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे सुबह का मौसम काफी सुहावना हो गया. एक दिन पहले 39 डिग्री के पार पहुंचा तापमान बुधवार को काफी गिर गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत कुछ दिनों तक बनी रह सकती है.
तापमान में आई बड़ी गिरावट
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान भी 20.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है. मंगलवार को अधिकतम 39.2 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री था. यानी एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री और न्यूनतम में 8 डिग्री की गिरावट देखने को मिली.
बारिश और हवा का असर
सुबह से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा हुई. सुबह साढ़े आठ बजे तक औसतन 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मुंगेशपुर में सबसे ज्यादा 5.0 मिलीमीटर और आयानगर में 3.8 मिलीमीटर बारिश हुई. हवा में नमी का स्तर 88 से 39 प्रतिशत तक रहा. इस मौसम परिवर्तन से लोगों को दोपहर की तेज धूप और लू से कुछ राहत मिली.
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. शुक्रवार और शनिवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन रविवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से 5 मई तक फिर बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है.
सप्ताह भर गर्मी से राहत
स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, इस सप्ताह अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहने की उम्मीद है. नई विक्षोभ गतिविधि के कारण मई के पहले सप्ताह में लू और भीषण गर्मी से दिल्ली-NCR को राहत मिलती दिख रही है. हालांकि, बारिश के बाद नमी बढ़ने से कुछ असुविधा भी हो सकती है.
मौसम में इन बातों का रखें ख्याल
इस ठंडक भरे मौसम का फायदा उठाएं लेकिन सावधानी बरतें. सुबह-शाम हल्की बारिश और तेज हवा के कारण सड़कें गीली रह सकती हैं, इसलिए वाहन सावधानी से चलाएं. जिन्हें सर्दी-खांसी की शिकायत है, वे ठंडी हवा से बचें. मौसम विभाग की नियमित अपडेट चेक करते रहें क्योंकि परिवर्तन तेजी से हो रहा है.
और पढ़ें
- दिल्ली-एनसीआर में कुछ ही घंटों में बदलेगा मौसम का मिजाज, घर से बाहर निकलने से पहले जरूर पढ़ लें ये खबर
- हाथ में काली पट्टी बांधकर दिल्ली विधानसभा विशेष सत्र में पहुंचे BJP विधायक, जानें क्या है इसकी वजह
- 'पापा, बस आधा घंटे में पहुंच रहे हैं…' मैच खत्म हुआ, लेकिन घर नहीं पहुंचे दो भाई; सड़क दुर्घटना में मौत