T20 World Cup 2026

दिल्ली-NCR से हटीं GRAP-3 की पाबंदियां, बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में हुआ सुधार

शुक्रवार शाम 5:30 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 230 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. हालांकि यह स्थिति नए साल के पहले दिन के मुकाबले काफी बेहतर रही.

pinterest
Sagar Bhardwaj

दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. बारिश और तेज हवाओं के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए प्रशासन ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत लागू स्टेज-3 की पाबंदियां हटा दी हैं. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह फैसला लिया. हालांकि अभी भी GRAP-1 और GRAP-2 के नियम लागू रहेंगे.

 AQI में आई गिरावट

शुक्रवार शाम 5:30 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 230 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. हालांकि यह स्थिति नए साल के पहले दिन के मुकाबले काफी बेहतर रही. एक जनवरी को AQI 380 तक पहुंच गया था, जिसे ‘बहुत खराब’ माना जाता है. AQI के आंकड़ों में आई यह गिरावट हवा में मौजूद प्रदूषण कम होने का संकेत है.

 बारिश और हवाओं से मिला फायदा

गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई थी. इसके बाद दिन में तेज हवाएं चलीं. मौसम के इस बदलाव से हवा में जमे प्रदूषक कण काफी हद तक साफ हो गए. विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश धूल और धुएं को जमीन पर बैठा देती है, जबकि तेज हवाएं प्रदूषित हवा को आगे बढ़ा देती हैं, जिससे हवा कुछ साफ महसूस होती है.

 क्या होती हैं GRAP-3 की पाबंदियां

GRAP-3 लागू होने पर निर्माण कार्य, डीजल जनरेटर के इस्तेमाल और कुछ औद्योगिक गतिविधियों पर सख्त रोक लगा दी जाती है. इसके हटने से इन गतिविधियों को सीमित रूप में दोबारा शुरू करने की अनुमति मिल जाती है. हालांकि GRAP-1 और GRAP-2 के तहत अभी भी कुछ नियम लागू हैं, जैसे कूड़ा जलाने पर रोक और वाहनों से निकलने वाले धुएं पर निगरानी.