दिल्ली के विवेक विहार में फटा AC, हादसे में 9 लोगों की मौत; कई घायल
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में भीषण अग्निकांड हुआ है. एक इमारत में लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी है. हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. साथ ही कई लोगों के घायल होने की खबर है.
नई दिल्ली: रविवार तड़के दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक रिहायशी इमारत में आग लगने की एक दुखद घटना सामने आई है. इसमें कम से कम नौ लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. शुरुआती जांच से पता चला है कि आग शायद एयर कंडीशनर (AC) में धमाके की वजह से लगी हो. आपातकालीन टीमें अभी भी घटनास्थल पर बचाव और कूलिंग ऑपरेशन में लगी हुई हैं.
इलाके में फैली दहशत
अधिकारियों ने बताया कि आग तड़के सुबह लगी थी, जिससे इलाके में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई. कई लोगों को जलने से गंभीर चोटें आईं है. अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जैसे-जैसे तलाशी अभियान जारी है, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
दमकल विभाग को मिली थी इमरजेंसी कॉल
दमकल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक कंट्रोल रूम को लगभग सुबह 3:47 पर एक इमरजेंसी कॉल आई थी. इसके जवाब में आग पर काबू पाने और इमारत के अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए 14 दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर तत्काल भेजी गईं. घने धुएं के बावजूद, बचाव टीमों ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को बाहर निकाले में सफलता पाई.
9 लोगों की दर्दनाक मौत
घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों का इलाज पास के एक अस्पताल में चल रहा है. शुरुआती जांच से पता चला है कि आग शायद एयर कंडीशनर में धमाके की वजह से लगी है. हालांकि अधिकारी अभी भी आग लगने के सटीक कारण की जांच कर रहे हैं. आग पर काबू पा लिया गया है, फिर भी आग को दोबारा भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग ऑपरेशन जारी है.