menu-icon
India Daily

दिल्ली के एक और इलाके में आज सुबह धमाके की आवाज, पुलिस को मिली शिकायत; जांच में पता चली पूरी कहानी

दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके की वजह से लोगों में डर का माहौल है. इसी बीच महिपालपुर में एक महिला ने बस की टायर फटने की आवाज से डर कर पुलिस को कॉल कर दिया.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
दिल्ली के एक और इलाके में आज सुबह धमाके की आवाज, पुलिस को मिली शिकायत; जांच में पता चली पूरी कहानी
Courtesy: X (@Rajeev_IA)

दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद डर का माहौल है. विस्फोट के वीडियो सामने आने के बाद लोगों के कानों में धमाके की गूंज है. इसी बीच दिल्ली के महिपालपुर में एक और धमाके की आवाज सुनाई दी है. इस आवाज को गुरुवार की सुबह रेडिशन होटल के नजदीक सुना गया. जिसके बाद खौफ के माहौल में एक महिला ने दमकल विभाग को फोन कर इसकी जानकारी दी. 

दमकल विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें सुबह 9 बजकर 18 मिनट के आसपास कॉल आई. जिसमें एक महिला ने पास के इलाके से धमाके की आवाज आने की शिकायत की. जिसके बाद पुलिस भी जांच के लिए वहां पहुंची और पता लगाया गया कि यह आवाज कहां से आई है.

महिला ने पुलिस को दी जानकारी 

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां से धमाके की आवाज आई थी. हालांकि जांच में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है कि यह आवाज कहां से आई है. हालांकि पुलिस उस महिला की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आवाज कैसी थी और कहां से आई थी. महिला ने पुलिस को भी फोन लगाकर यह शिकायत की थी की पास के रास्ते से धमाके की आवाज आई है, लेकिन इससे जुड़े कोई भी सबूत नहीं पाए गए हैं.

पुलिस ने दी जानकारी  

पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए कहा कि महिला की शिकायत पर जांच करवाई गई है, लेकिन इसमें अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शायद यह आवाज इलाके में एक डीटीसी बस के टायर फटने की वजह से आई हो. लेकिन हाल में चांदनी चौक में हुए धमाके की वजह से महिला ने डर कर पुलिस और दमकल विभाग को कॉल लगा दिया.

पुलिस के मुताबिक स्थिति शांत हैं यह महज एक सामान्य घटना थी लेकिन डर के कारण महिला ने फोन कर दिया. दिल्ली ब्लास्ट में 12 मासूमों की जान चली गई, वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए. इस घटना ने पूरे देश में तहलका मचा दिया है. हालांकि इस मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस ने आठ संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.