दिल्ली की AQI में हुआ मामूली सुधार, लेकिन फिर भी मंडरा रहा बीमारियों खतरा, जानें क्या है लेटेस्ट अपडेट

दिल्ली में एक्यूआई 221 तक पहुंचने के बाद ग्रैप स्टेज चार हटाया गया है. लेकिन घने कोहरे की चेतावनी के चलते उड़ानों और यातायात को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है और एयर क्वालिटी इंडेक्स घटकर 221 पर पहुंच गया है. इसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रैप स्टेज चार के तहत लागू सख्त पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. यह फैसला दिल्ली एनसीआर और आसपास के सभी इलाकों में लागू किया गया है. 

इससे पहले राजधानी में प्रदूषण का स्तर 450 के पार पहुंच गया था, जिसके कारण निर्माण गतिविधियों पर रोक, वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और अन्य कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे. अब हालात बेहतर होने के बाद आम लोगों को कुछ राहत मिली है.

मौसम विभाग ने क्या दी है चेतावनी?

हालांकि प्रदूषण से राहत के बीच मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में घने कोहरे की संभावना जताई है. कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क यातायात और हवाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. खासकर सुबह और देर रात के समय हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने की आशंका है.

कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताह के अंत तक कई इलाकों में घना कोहरा बना रह सकता है. सीएक्यूएम ने स्पष्ट किया है कि ग्रैप स्टेज चार हटाए जाने के बावजूद ग्रैप स्टेज एक, दो और तीन के तहत लागू सभी नियम जारी रहेंगे. इन नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि प्रदूषण का स्तर दोबारा खतरनाक स्थिति में न पहुंचे. 

आयोग की ओर से क्या आया निर्देश?

आयोग ने यह भी साफ किया है कि जिन निर्माण और तोड़फोड़ स्थलों को नियमों के उल्लंघन के कारण बंद किया गया था, उन्हें बिना विशेष अनुमति के दोबारा शुरू नहीं किया जाएगा. दिल्ली के अलग अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता में अंतर देखने को मिला है. डीटीयू और सीटीसीबी क्षेत्र में एक्यूआई 245 दर्ज किया गया है. 

द्वारका सेक्टर आठ में एक्यूआई 214 रहा है. आईजीआई एयरपोर्ट क्षेत्र में हवा की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही और यहां एक्यूआई 115 दर्ज किया गया. दिलशाद गार्डन में एक्यूआई 249 और जहांगीरपुरी में 266 रिकॉर्ड किया गया है.

फ्लाइट्स को लेकर क्या आया अपडेट?

उड़ान सेवाओं की बात करें तो पिछले सप्ताह खराब दृश्यता के कारण कई फ्लाइट्स प्रभावित हुई थीं. फिलहाल उड़ान संचालन सामान्य बताया जा रहा है. लेकिन मौसम विभाग के येलो अलर्ट को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. यात्रियों से कहा गया है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें.

कैसा रहने वाला है मौसम?

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 25 दिसंबर को पूरे दिन मध्यम कोहरा छाया रह सकता है. 26 और 27 दिसंबर को सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है. 27 और 28 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. 29 और 30 दिसंबर को भी सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है.

AQI