IPL 2026

IPL के मैचों पर सट्टेबाजी का बड़ा खेल बेनकाब, करोड़ों का कैश और नोट गिनने वाली मशीन मिली; 3 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन IPL सट्टेबाजी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 2 करोड़ 81 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए हैं. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हवाला नेटवर्क की जांच शुरू की गई है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए  करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपए नगदी, नोट गिनने की मशीन, 4 मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई अहम साक्ष्य जब्त किए हैं. मामला ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़ा बताया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है.

एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस सिंडिकेट का पर्दाफाश किया. पुलिस जांच में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई कर हवाला नेटवर्क के माध्यम से ब्लैक मनी को व्हाइट करने की बात भी सामने आई है. फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है.

26 अप्रैल को हुई कार्रवाई से जुड़ा है मामला

दरअसल, यह मामला 26 अप्रैल को हुई कार्रवाई से जुड़ा है, जिसमें पुलिस ने रायगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और नगदी जब्त की थी. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को रायगढ़ के खाईवाल करन चौधरी और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के इशारे पर पूरे नेटवर्क के संचालन का क्लू मिला था, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और अब इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. 

SSP बोले-  एक्शन मोड जारी रहेगा

एसएसपी ने इस मामले में सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि इस तरह के मामलों में पुलिस की विशेष सख्ती जारी रहेगी और इस तरह के अपराध में संलिप्त पाए जाने पर अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्सा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस अपराधियों से कड़ी पूछताछ की तैयारी में है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि इस सिंडिकेट का जाल कहां तक फैला हुआ है.