IPL 2026

छत्तीसगढ़ बोर्ड आज जारी करेगा 10वीं के रिजल्ट, छात्र बिना देरी चेक करें लेटेस्ट अपडेट

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) आज 29 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:30 बजे कक्षा 10वीं का रिजल्ट घोषित करने जा रहा है.

ANI
Reepu Kumari

रायपुर: आज छत्तीसगढ़ के हजारों छात्र-छात्राओं के चेहरे पर उम्मीद और घबराहट का मिश्रण साफ दिख रहा है. छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2026 दोपहर 2:30 बजे जारी होने वाला है. शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत का फल जरूर मिलेगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए परिणाम घोषित किए जाएंगे और उसके तुरंत बाद डायरेक्ट लिंक एक्टिव हो जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और बोर्ड अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे. छात्र अब बस कुछ घंटों का इंतजार कर रहे हैं.

रिजल्ट घोषणा का कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर आज दोपहर सचिवालय कार्यालय, महानदी भवन की पांचवीं मंजिल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर रहा है. इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत कई अधिकारी छात्रों के परिणाम से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे. मंत्री ने छात्रों से अपील की है कि चाहे नतीजे कुछ भी हों, हिम्मत न हारें. रिजल्ट जारी होते ही आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा.

पासिंग मार्क्स और कंपार्टमेंट का नियम

छत्तीसगढ़ बोर्ड में 10वीं पास करने के लिए थ्योरी और इंटरनल असेसमेंट को मिलाकर कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है. अगर कोई छात्र एक या दो विषयों में फेल हो जाता है तो वह कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकता है. लेकिन दो से ज्यादा विषयों में फेल होने पर उसे अगले साल फिर से परीक्षा देनी होगी. यह नियम छात्रों को अपनी कमजोरियों पर काम करने का मौका देता है.

रिजल्ट चेक करने का आसान तरीका

रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाएं. होमपेज पर Student’s Corner में Exam Results 2026 का विकल्प चुनें. फिर High School Examination Results 2026 और Main Exam पर क्लिक करें. अपना रोल नंबर और कैप्चा कोड डालकर सबमिट करें. मार्कशीट स्क्रीन पर आ जाएगी. इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें.

कौन करेगा औपचारिक घोषणा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सीजीबीएसई 10वीं रिजल्ट की औपचारिक घोषणा करेंगे. शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने रिजल्ट की तारीख और समय की पुष्टि की है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोर्ड के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. यह कार्यक्रम छात्रों और अभिभावकों दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे आगे की पढ़ाई की दिशा तय होगी.