Kedar Prasad Viral Video: बिहार बंद में RJD नेता केदार प्रसाद का अनोखा प्रदर्शन, भैंस बांधी; सड़क पर बिछाई चादर और सो गए
Kedar Prasad Viral Video: बिहार बंद में आरजेडी नेता केदार प्रसाद ने अनोखा विरोध किया. सड़क पर चादर बिछाकर सोने का नाटक किया और भैंस बांध दी. वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. यह विरोध प्रदर्शन चर्चा में है.
Kedar Prasad Viral Video: बिहार में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन को लेकर महागठबंधन ने मंगलवार को बिहार बंद का ऐलान किया, जिसका असर सुबह से ही पूरे राज्य में देखा गया. इस बीच वैशाली जिले से एक अनोखा दृश्य सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं. यहां आरजेडी नेता केदार प्रसाद यादव ने अपने अनोखे प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया.
बिहार बंद को सफल बनाने के लिए वैशाली के भगवानपुर में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया और एनएच को टायर जलाकर पूरी तरह से जाम कर दिया. इसी दौरान नेता केदार प्रसाद ने सड़क पर चादर और तकिया बिछा दिया और लेट गए, मानो कोई आरामगाह हो. इसके साथ ही उन्होंने सड़क किनारे एक भैंस को भी बांध दिया, जिससे नजारा और भी अनोखा बन गया. केदार यादव ने कहा, 'निर्वाचन आयोग की मनमानी नहीं चलेगी. लोकसभा चुनाव की वोटर लिस्ट के आधार पर विधानसभा चुनाव कराए जाएं. आयोग भाजपा का एजेंट बन गया है.'
फोटोशूट और ड्रामे के लिए मशहूर हैं केदार प्रसाद
केदार प्रसाद इससे पहले भी कई बार ड्रामे और अनोखे तरीकों से प्रदर्शन कर चुके हैं. उन्होंने तेजस्वी यादव की लंबी उम्र की कामना करते हुए सड़क पर पूजा-पाठ किया था, जहां उन्होंने फूल, मिठाई और अगरबत्ती लेकर तेजस्वी यादव की तस्वीर के सामने पूजा की थी, मानो किसी देवता की आराधना हो रही हो. इस दौरान उनका पूरा फोटोशूट भी कराया गया था, जिसे उन्होंने खुद वायरल किया.
ट्रैफिक जाम और लोगों को भारी परेशानी
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के कारण एनएच पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. यातायात ठप होने से स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को घंटों सड़कों पर फंसे रहना पड़ा.