menu-icon
India Daily

बिहार के 3 सिविल कोर्ट को RDX से उड़ाने की मिली धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; लोगों से सतर्क रहने की अपील

पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है. जैसे ही इस बारे में प्रशासन और पुलिस को जानकारी मिली, तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.

Anuj
Edited By: Anuj
बिहार के 3 सिविल कोर्ट को RDX से उड़ाने की मिली धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; लोगों से सतर्क रहने की अपील

पटना: बिहार राज्य से एक बड़ी खबर सामने आई है. पटना, किशनगंज और गया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है. जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया. कोर्ट परिसरों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर दिए गए हैं.

इलाके में अफरा-तफरी मची

आपको बता दें कि पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है. जैसे ही इस बारे में प्रशासन और पुलिस को जानकारी मिली, तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में मौजूद सभी लोगों की आवाजाही रोक दी गई और सघन जांच शुरू कर दी गई.

कोर्ट परिसर को खाली कराया गया

धमकी को गंभीर मानते हुए जिला जज ने तत्काल सिविल कोर्ट परिसर को खाली कराने का आदेश जारी किया. आदेश मिलते ही वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को कोर्ट से बाहर निकाल दिया गया. सुरक्षा कारणों से सभी न्यायिक कार्य अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं. कोर्ट परिसर खाली होने के कारण दिनभर का कामकाज पूरी तरह बाधित हो गया.

बारीकी से जांच जारी

धमकी मिलने की सूचना पर पीरबहोर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया. डॉग स्क्वॉड की टीम पूरे सिविल कोर्ट परिसर के अंदर और बाहर बारीकी से जांच कर रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक का पता लगाया जा सके.

किशनगंज सिविल कोर्ट में सुरक्षा बढ़ी

किशनगंज सिविल कोर्ट को भी ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. ई-मेल मिलते ही इसकी सूचना जिला प्रशासन और पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को कोर्ट परिसर में तैनात कर दिया गया. कोर्ट के अंदर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है.

 गया सिविल कोर्ट में भी जांच जारी

गया सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिलने की खबर सामने आई है. यहां भी पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर की गहन जांच शुरू कर दी है. सुरक्षा के लिहाज से किसी भी तरह की ढील नहीं दी जा रही है. डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही है.

अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी कोर्ट परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. हालांकि, धमकी को गंभीर मानते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.