बिहार में फिर बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी-बारिश ने मचाई तबाही; आज कई जिलों में IMD का अलर्ट

बिहार में बुधवार को अचानक मौसम ने करवट ली. पटना समेत करीब 20 जिलों में तेज आंधी और झमाझम बारिश हुई. कई जगह पेड़ उखड़कर सड़कों और घरों पर गिर गए.

ANI
Reepu Kumari

पटना: बिहार के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली तो मौसम ने दूसरा रूप दिखा दिया. बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में धूल भरी तेज आंधी चली और उसके बाद झमाझम बारिश हुई. इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ और कई इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही.

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए लोग घरों में ही रहे. कुछ जगहों पर तो हादसे भी हो गए. प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून की ये गतिविधियां अभी कुछ दिन और जारी रह सकती हैं. 

बुधवार को हुई बारिश-आंधी से नुकसान

बुधवार को पटना समेत राज्य के लगभग 20 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई. कई इलाकों में धूल भरी आंधी ने दृश्यता कम कर दी. तेज हवा के कारण अनेक जगह पेड़ उखड़कर सड़कों और घरों पर गिर गए. बक्सर में कलेक्ट्रेट रोड पर एक पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया, जिसमें छह लोग सवार थे. स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद कर सभी को बाहर निकाला और सभी को मामूली चोटें आईं.

दानापुर में दीवार गिरने से दो की मौत

दानापुर में आंधी के दौरान एक बिल्डिंग की दीवार गिर गई. मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई. इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी. वहीं स्टेशन रोड पर एक बड़ा पेड़ दुकान पर गिरा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास पेड़ की टहनी गिरकर मालगाड़ी के पहिए पर जा गिरी. इन घटनाओं से स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. 

गुरुवार को पूरे बिहार में अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया है. 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी जैसे जिलों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका है. 

पटना में बारिश के आसार, उमस बनी रहेगी

पटना में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. बारिश के बाद उमस बढ़ सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 3 मई तक राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी. इस दौरान आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं होती रह सकती हैं. लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. 

तापमान में गिरावट, कैमूर अभी भी सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली. फिर भी कैमूर जिला सबसे गर्म रहा जहां तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. गया में 38.6, डेहरी में 38.1, छपरा में 37.4 और औरंगाबाद में 37.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में और गिरावट हो सकती है.