20000 लोगों को अनंत सिंह देंगे दावत, BJP की 501 किलो लड्डू बांटने का प्लान, बिहार में नतीजों से पहले जश्न की तैयारियां जोरों पर
बिहार चुनाव नतीजों से पहले ही जश्न का माहौल है. जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह 20 हजार लोगों को दावत देंगे, जबकि बीजेपी 501 किलो लड्डू बांटने की तैयारी में है. पटना में मिठाई कारोबारियों की मांग भी बढ़ी.
बिहार चुनाव परिणाम 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में अब बस कुछ घंटे बाकी हैं, लेकिन मतगणना से पहले ही जश्न का माहौल बन गया है. एनडीए और महागठबंधन दोनों ही अपनी-अपनी जीत के दावे के साथ उत्सव की तैयारी में जुट गए हैं. मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह ने जहां 20 हजार लोगों के लिए भव्य दावत का इंतजाम किया है, वहीं बीजेपी ने 501 किलो लड्डू बांटने की योजना बनाई है. चुनावी नतीजों से पहले ही मिठाइयों की खुशबू से राजधानी पटना का माहौल मीठा हो गया है.
दिन-रात भोजन और मिठाई की तैयारी में जुटी टीम
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना 14 नवंबर को होने वाली है, लेकिन राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में अब से ही जीत के जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं. मोकामा सीट से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह ने अपने सरकारी आवास पर 20 हजार लोगों को दावत देने की तैयारी शुरू कर दी है. उनके आवास पर टेंट लगाया गया है, वहीं रसोइयों और कारीगरों की टीम दिन-रात भोजन और मिठाई की तैयारी में जुटी है.
सूत्रों के अनुसार, दावत के लिए दो सौ क्विंटल दूध और डेढ़ क्विंटल खोवा मंगाया गया है. मेनू में पूड़ी, पुलाव, दाल, गोभी, आलू-मटर और बैंगन बड़ी जैसी पारंपरिक व्यंजन शामिल किए जा रहे हैं. अनंत सिंह के समर्थक और स्थानीय नेता इस भव्य आयोजन को ‘जीत का भोज’ कहकर प्रचारित कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि मतगणना शुरू होने के साथ ही समर्थकों का जुटान उनके आवास पर शुरू हो जाएगा.
10 टन से अधिक लड्डू की बिक्री की उम्मीद
उधर, चुनावी नतीजों के दिन मिठाई कारोबारियों की भी चांदी होने वाली है. पटना के प्रसिद्ध मिठाई कारोबारी अरुण कुमार के अनुसार, “मतगणना के दिन सबसे ज्यादा मांग लड्डू की होती है. इस बार शहर में करीब 10 टन से अधिक लड्डू की बिक्री की उम्मीद है.” उन्होंने बताया कि मोतीचूर, बूंदी और बेसन के लड्डू के बड़े ऑर्डर पहले ही मिल चुके हैं.
इसी तरह मिठाई व्यापारी प्रदीप चौरसिया का कहना है कि मोहल्लों में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा भी 10-20 किलो मिठाई की खरीदारी सामान्य बात है. फिलहाल बाजार में बेसन का लड्डू 640 रुपये किलो और बूंदी का लड्डू 680 रुपये किलो बिक रहा है.
मात्र लड्डू ही नहीं, बल्कि काजू बर्फी, चंद्रकला, रसकदम और गुजिया जैसी प्रीमियम मिठाइयों की भी भारी मांग है. मिठाई व्यापारी विशाल रहूजा ने बताया कि मतगणना खत्म होने के दो घंटे पहले से ही खरीदारी शुरू हो जाती है. उन्होंने कहा, “हमने स्टॉक बढ़ा दिया है ताकि अचानक बढ़ी मांग को पूरा किया जा सके.”
NDA की जीत के लिए आश्वस्त
वहीं बीजेपी की ओर से भी पटना में जश्न की पूरी तैयारी है. पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने बताया कि मतगणना के दिन 501 किलो लड्डू बांटे जाएंगे. उन्होंने कहा, “हम सब एनडीए की जीत के लिए आश्वस्त हैं. 14 नवंबर को पूरा पटना उत्सव में डूब जाएगा.”
बिहार में मतगणना भले ही 14 नवंबर की सुबह शुरू होगी, लेकिन उससे पहले ही पटना का राजनीतिक तापमान उत्सव के रंग में रंग चुका है. जदयू की दावत और बीजेपी के लड्डू वितरण से यह साफ झलकता है कि परिणाम चाहे जो हो, जश्न का स्वाद हर किसी की थाली में परोसा जाएगा.