महागठबंधन का 'तेजस्वी प्रण' घोषणापत्र जारी, 20 महीने में हर घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी तेज हो चुकी है. इसी कड़ी में महागठबंधन ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस दस्तावेज का नाम 'तेजस्वी प्रण' रखा गया है,

X-Grab
Gyanendra Sharma

पटना:  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी तेज हो चुकी है. इसी कड़ी में महागठबंधन ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस दस्तावेज का नाम 'तेजस्वी प्रण' रखा गया है, जो महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रतिबिंबित करता है. घोषणापत्र के कवर पेज पर तेजस्वी यादव की तस्वीर प्रमुखता से छपी हुई है. 

महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है. घोषणापत्र जारी करने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा, भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी उपस्थित रहे. 

हर घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी

बिहार का तेजस्वी प्रण' दिया गया है, जिसमें तेजस्वी के 20 प्रण शामिल हैं. सबसे बड़ी घोषणा 20 महीने में हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया गया है. तेजस्वी ने लिखा है कि ये सरकारी नौकरी 20 महीने में दी जाएगी. इसके लिए 20 दिन में अधिनियम बनाया जाएगा.

जीविका दीदियों-संविदा कर्मियों को स्थाई करेंगे

सभी जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा. उनका वेतन 30,000 रुपए प्रतिमाह निर्धारित किया जाएगा. उनके द्वारा लिए गए ऋण पर ब्याज माफ किया जाएगा. इसके अलावा सभी संविदाकर्मियों और आउटसोर्सिंग पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थाई किया जाएगा.

माई-बहिन मान योजना में 2,500 की आर्थिक सहायता

माई-बहिन मान योजना के तहत महिलाओं को 1 दिसंबर से प्रति माह 2,500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. साथ ही ऐलान किया गया है हमारी सरकार BETI और MAI योजनाएं लाएगी, जिससे बेटियों के लिए "बेनिफिट", 'एजुकेशन', 'ट्रेनिंग' एवं 'इनकम' की व्यवस्था होगी. माताओं के लिए "मकान", "अन्न" एवं 'इनकम' की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

 नए एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे

आईटी पार्क, स्पेशल इकोनॉमिक जोन, डेयरी-बेस्ड इंडस्ट्रीज, एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्रीज, स्वास्थ्य सेवा, कृषि उद्योग, फूड प्रोसेसिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण और पर्यटन के क्षेत्रों में कौशल-आधारित रोजगार का सृजन किया जाएगा. प्रदेश में 2000 एकड़ में एजुकेशनल सिटी, इंडस्ट्री क्लस्टर्स, 5 नए एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे.

दिव्यांगो को 3000 रुपए पेंशन

घोषणा पत्र में कहा गया है कि पुरानी पेंशन योजना को लागू की जाएगी. सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत विधवा और बुजुर्गों को 1500 रुपए मासिक पेंशन दी जाएगी. हर साल 200 रुपए की वृद्धि भी होगी. दिव्यांग जनों को 3000 रुपए मासिक पेंशन दी जाएगी.

'तेजस्वी प्रण' घोषणापत्र में बिहार के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया है. तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह दस्तावेज केवल वादों का पुलिंदा नहीं, बल्कि बिहार की जनता के साथ किया गया पवित्र संकल्प है. उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन सत्ता में आते ही बेरोजगारी को जड़ से खत्म करने के लिए बड़े कदम उठाएगा.