menu-icon
India Daily

Women's World Cup 2025: भारत-न्यूजीलैंड के बराबर हो सकते हैं पॉइंट्स फिर भी टीम इंडिया ने क्यों किया क्वालीफाई? जानें क्या है ICC का नियम

Women's World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को गुरुवार को खेले गए मुकाबले में 53 रनों से हराया. इसी के साथ भारत ने सेमीफाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है लेकिन अभी भी दोनों टीमों के एक-एक मैच बचे हुए हैं और दोनों के अंक बराबर हो सकते हैं.

mishra
Women's World Cup 2025: भारत-न्यूजीलैंड के बराबर हो सकते हैं पॉइंट्स फिर भी टीम इंडिया ने क्यों किया क्वालीफाई? जानें क्या है ICC का नियम
Courtesy: @BCCIWomen

Women's World Cup 2025: भारत ने गुरुवार को नवी मुंबई में न्यूजीलैंड को 53 रनों से हराकर विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. यह एक बारिश से प्रभावित मैच था, जिसमें स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शानदार शतक जड़े, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स ने 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. भारत ने 49 ओवरों में 340/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया. बारिश के कारण न्यूजीलैंड को DLS नियम के तहत 44 ओवरों में 325 रनों का लक्ष्य मिला लेकिन वे 271/8 ही बना सकीं. 

हालांकि, सवाल यह है कि जब भारत और न्यूजीलैंड दोनों के पास अभी एक-एक मैच बाकी है, तो भारत ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कैसे कर लिया? अगर न्यूजीलैंड अपना अगला मैच जीतता है और भारत हार जाता है, तो दोनों के पॉइंट्स बराबर हो सकते हैं. फिर भी, ICC के नियमों के कारण भारत ने पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली है. आइए जानते हैं कैसे.

भारत की जीत का गणित

भारत ने इस टूर्नामेंट में अब तक 3 जीत हासिल की हैं और उनके कुल 6 पॉइंट्स हैं. दूसरी ओर न्यूजीलैंड के पास 4 पॉइंट्स हैं और उनकी केवल 1 जीत है. दोनों टीमें अपने अंतिम लीग मैच खेलने वाली हैं, जहां भारत का सामना बांग्लादेश से होगा जबकि न्यूजीलैंड का मुकाबला इंग्लैंड से है. अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को हरा देता है, तो उनके पास अधिकतम 2 जीत और 6 पॉइंट्स होंगे. वहीं अगर भारत बांग्लादेश से हार जाता है, तो भी उसके पास 6 पॉइंट्स रहेंगे. ऐसे में दोनों टीमें पॉइंट्स के मामले में बराबर हो सकती हैं लेकिन ICC के नियमों के अनुसार भारत पहले ही क्वालीफाई कर चुका है.

ICC का नियम क्या कहता है?

सबसे ज्यादा जीत- जिस टीम ने लीग मैचों में सबसे ज्यादा जीत हासिल की हो, उसे ऊपर रखा जाएगा.  
नेट रन रेट (NRR)- अगर पॉइंट्स और जीत की संख्या बराबर हो, तो नेट रन रेट के आधार पर रैंकिंग तय होगी.  
हेड-टू-हेड परिणाम- अगर फिर भी बराबरी रहती है, तो आपसी मैच के परिणाम को देखा जाएगा.  
लीग सीडिंग- अगर उपरोक्त सभी नियमों से फैसला न हो, तो मूल लीग सीडिंग के आधार पर रैंकिंग तय की जाएगी.