IND vs PAK: बारिश की वजह से भारत-पाकिस्तान मैच हुआ रद्द, जानें किसकी पर टूटेगा आफत का पहाड़ और किसकी राह होगी आसान?

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबले पर बारिश का गहरा साया मंडरा रहा है. मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार कोलंबो में भारी बारिश की आशंका है, जिससे मैच धुलने का खतरा बढ़ गया है.

X/@kaushik_niket
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी भिड़ंत होने वाली है. हालांकि क्रिकेट की दुनिया के इस महामुकाबले में कोई खेल संबंधी बाधा नहीं है, लेकिन खराब मौसम करोड़ों प्रशंसकों का मजा किरकिरा कर सकता है. मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश होने की प्रबल संभावना है. अगर यह मुकाबला रद्द होता है, तो न केवल प्रशंसकों की उम्मीदें टूटेंगी, बल्कि इसका बड़ा आर्थिक असर खेल से जुड़े तमाम स्टेकहोल्डर्स पर भी पड़ेगा.

कोलंबो में रविवार को दिन भर आसमान में बादलों का डेरा रहेगा. दोपहर में गरज के साथ छींटे पड़ने की 65 प्रतिशत संभावना जताई गई है. हालांकि रात के समय बारिश की संभावना घटकर 25 प्रतिशत होने की बात कही जा रही है, लेकिन कुछ स्थानीय मौसम रिपोर्टों के अनुसार शाम 7 बजे मैच शुरू होने के समय यह खतरा 49 से 65 प्रतिशत तक हो सकता है. भारी उमस और उत्तर से आने वाली तेज हवाएं खेल के लिए परिस्थितियां कठिन बना सकती हैं.

क्या कहते हैं ICC के नियम?

टी20 मुकाबले का परिणाम घोषित करने के लिए कम से कम 5-5 ओवरों का खेल होना अनिवार्य है. यदि बारिश के कारण मैच इस न्यूनतम स्तर तक भी नहीं पहुंच पाता है, तो इसे आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया जाएगा. इस टूर्नामेंट के ग्रुप चरण के मैचों के लिए कोई 'रिजर्व डे' नहीं रखा गया है. ऐसी स्थिति में दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक बांट दिया जाएगा. यह स्थिति प्रतियोगिता के अगले दौर के समीकरणों को काफी रोमांचक और अनिश्चित बना सकती है.

बॉयकॉट के बाद खेलने को राजी हुआ है पाकिस्तान

मैच के सफल आयोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने काफी मशक्कत की है. रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी के कुछ अधिकारी विशेष रूप से लाहौर गए थे ताकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीसी) को भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले को वापस लेने के लिए मनाया जा सके. आईसीसी की यह कोशिश रंग लाई और पाकिस्तान खेलने के लिए राजी हो गया. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या प्रकृति भी इस मुकाबले को होने की अनुमति देगी.

आर्थिक नुकसान का भी खतरा 

मैच धुलने की स्थिति में प्रसारक 'जियोस्टार' को सबसे तगड़ा झटका लगेगा. विज्ञापन से मिलने वाले राजस्व में भारी गिरावट आएगी क्योंकि दर्शक संख्या तेजी से नीचे गिरेगी. इसके अलावा, श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) को भी टिकटों की वापसी के कारण भारी नुकसान झेलना पड़ेगा. एक हाई-प्रोफाइल मैच का रद्द होना गेट रिसीट को पूरी तरह खत्म कर देता है. कुल मिलाकर, भारत-पाक मैच का न होना सभी हितधारकों की जेब पर एक बड़ा और गहरा छेद कर सकता है.