रणजी ट्रॉफी-2025-26: सेमीफाइनल में टकराएंगी ये 4 टीमें, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास; पहली बार हुआ ऐसा कारनामा
रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सीजन अंतिम चरण में पहुंच चुका है. सेमीफाइनल के लिए 3 टीमों ने अपनी सीट कंफर्म कर ली है, जबकि बंगाल ने आंध्र के खिलाफ पहली पारी में बड़ी बढ़त लेकर अंतिम चार में जगह लगभग पक्की कर ली है. सेमीफाइनल के मुकाबले 15 फरवरी से खेले जाएंगे.
नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टरफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक हुए. नतीजों ने सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ कर दी है. उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की.
वहीं, कर्नाटक ने मुंबई को करीबी मुकाबले में हराया. बंगाल ने आंध्र के खिलाफ पहली पारी में बड़ी बढ़त लेकर अंतिम चार में जगह लगभग पक्की कर ली है.
उत्तराखंड की दमदार जीत
जमशेदपुर में खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड ने झारखंड को एक पारी और छह रन से हराकर सबसे पहले सेमीफाइनल में प्रवेश किया. गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन और मजबूत बल्लेबाजी ने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया.
जम्मू-कश्मीर का ऐतिहासिक पल
इंदौर में जम्मू-कश्मीर ने मध्य प्रदेश को 56 रन से हराकर इतिहास रच दिया. यह पहली बार है, जब टीम रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंची है. दबाव में टीम ने शानदार संयम दिखाया.
कर्नाटक ने मुंबई को चौंकाया
एमसीए-बीकेसी मैदान पर कर्नाटक ने मुंबई को चार विकेट से हराया. मुकाबला आखिरी सत्र तक खिंचा, लेकिन कर्नाटक के बल्लेबाजों ने मौके का पूरा फायदा उठाया.
बंगाल की मजबूत स्थिति
कल्याणी में बंगाल ने आंध्र के खिलाफ पहली पारी में बड़ी बढ़त बना ली है. खेल की दिशा को देखते हुए बंगाल का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है. तीन टीमें आधिकारिक तौर पर आगे बढ़ चुकी हैं, जबकि चौथी सीट लगभग तय है. रणजी ट्रॉफी 2025-26 अब निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुकी है.
आकिब नबी का शानदार प्रदर्शन
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल में जम्मू-कश्मीर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्व चैंपियन मध्य प्रदेश को 56 रनों से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया. इस जीत के साथ ही जम्मू-कश्मीर ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इस मुकाबले के असली हीरो तेज गेंदबाज आकिब नबी रहे, जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. आकिब नबी को आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 8.40 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था.
टूर्नामेंट से बाहर मध्य प्रदेश
मैच के चौथे दिन मध्य प्रदेश को जीत के लिए 291 रनों का लक्ष्य मिला था. हालांकि, उनके बल्लेबाज इस दबाव को झेल नहीं पाए और पूरी टीम सिर्फ 234 रनों पर सिमट गई. इस हार के साथ ही मध्य प्रदेश का रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सफर समाप्त हो गया, जबकि जम्मू-कश्मीर की टीम ने इतिहास रचते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया.
और पढ़ें
- भारत-पाक मैच के लिए PCB की तीनों घटिया शर्तों को ICC ने ठुकराया, बांग्लादेश की आड़ में वसूली का था प्लान!
- यशस्वी जायसवाल ने रणजी में पकड़ा एक और 'बवाल' कैच, वीडियो में देखें स्लिप के बाद बाउंड्री में पकड़ा चमत्कारिक कैच
- SCO vs ITA: स्कॉटलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, सर्वाधिक स्कोर बनाने वाली एसोसिएट टीम बनी