T20 World Cup 2026

Champions Trophy 2025: टूर्नामेंट से पहले ICC ने भारत को दिया बड़ा झटका! टीम इंडिया को छोड़ बाकी 7 टीमों को मिलेगी खास सुविधा

Champions Trophy 2025: यूएई के खिलाफ भारत ने अभ्यास मैच खेलने से मना कर दिया है और ऐसे में अब टीम इंडिया को एक भी प्रैक्टिस मैच खेलने का मौका नहीं मिलेगा. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत को लगता है कि यूएई के खिलाफ मैच खेलने से कोई भी फायदा नहीं होने वाला है.

X
Praveen Kumar Mishra

Champions Trophy 2025: भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए दुबई रवाना होना है. ये टूर्नामेंट पाकिस्तान की मेजबानी में खेला जाना है लेकिन टीम इंडिया अपने सभी मैच दुबई में खेलती हुई नजर आने वाली है. हालांकि, इस टूर्नामेंट को लेकर अब तक सभी समाधान नहीं हुए हैं और हर दिन एक के बाद एक नया विवाद सामने आता रहता है.

इसी कड़ी में अब एक नया विवाद सामने आया है. दरअसल, ये खबर भारत के लिहाज से बहुत मायने रखती है और इसी को ध्यान में रखते हुए अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारत को बड़ा झटका दिया है. बता दें कि इस चैंपियंस ट्रॉफी से पहले सभी 7 टीमों को वार्म-अप मैच खेलने का मौका मिलेगा लेकिन टीम इंडिया को ये सुविधा नहीं मिलने वाली है.

ICC ने यूएई के खिलाफ दिया विकल्प

दरअसल, पिछले दिनों ऐसी खबर सामने आई थी कि टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी की शुरूआत से पहले बांग्लादेश या फिर यूएई के खिलाफ अभ्यास मैच खेलती हुई नजर आ सकती है. हालांकि, बाद में बांग्लादेश को इससे हटा दिया गया क्योंकि उस वक्त वे पाकिस्तान में मौजूद होंगे. ऐसे में भारत के लिए आईसीसी ने यूएई का विकल्प दिया.

भारत नहीं खेलेगा अभ्यास मैच

यूएई के खिलाफ भारत ने अभ्यास मैच खेलने से मना कर दिया है और ऐसे में अब टीम इंडिया को एक भी प्रैक्टिस मैच खेलने का मौका नहीं मिलेगा. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत को लगता है कि यूएई के खिलाफ मैच खेलने से कोई भी फायदा नहीं होने वाला है और इसी वजह से भारत ने अभ्यास मैच खेलने से इनकार कर दिया है.

इस दिन दुबई पहुंचेगी भारतीय टीम

अगर भारत की बात करें तो टीम इंडिया अभ्यास मैच नहीं खेलने की वजह से देरी से दुबई के लिए रवाना होने वाली है. रिपोर्ट की मानें तो टीम इंडिया 15 फरवरी को दुबई पहुंचने वाली है और इसके बाद वे अपना अभ्यास शुरू करेंगे. टीम इंडिया को अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ 20 फरवरी को खेलना है.