T20 World Cup 2026: भारत-पाक मैच कंफर्म! बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पत्र लिखकर की ये अपील
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो चुका है. इस बीच 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाक मैच को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. बांग्लादेश ने पाकिस्तान से भारत के खिलाफ मैच खेलने का आग्रह किया है.
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्रस्तावित भारत-पाक मैच को लेकर विवाद जारी है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 15 फरवरी को होने वाले इस मुकाबले को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान से खेलने का अनुरोध किया है. हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के समर्थन में मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम 'बुलबुल' ने पाकिस्तान से आग्रह किया है कि वह क्रिकेट के व्यापक हित में भारत के खिलाफ मैच खेले. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का समर्थन बांग्लादेश के लिए भावनात्मक रूप से अहम रहा है, लेकिन टूर्नामेंट की स्थिरता भी जरूरी है.
लाहौर में हुई बैठक के मायने
लाहौर में रविवार शाम पीसीबी, आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच त्रिपक्षीय बैठक हुई. इस बैठक में पीसीबी ने अपनी शर्तें और आपत्तियां खुलकर रखी. हालांकि, आईसीसी ने साफ संकेत दिए कि लंबे गतिरोध से न सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि वैश्विक क्रिकेट को भी नुकसान हो सकता है.
संयुक्त बयान जारी नहीं किया
चार घंटे चली बैठक में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी, बांग्लादेश के अमीनुल इस्लाम, आईसीसी डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और एसोसिएट मेंबर्स के प्रतिनिधि मुबाशिर उस्मानी शामिल हुए. बैठक का मकसद भारत-पाक मैच के बहिष्कार को लेकर बनी स्थिति को सुलझाना था. हालांकि, चर्चा के बाद कोई संयुक्त बयान जारी नहीं किया गया और सभी पक्षों ने सरकार से मंजूरी के बाद घोषणा का संकेत दिया.
बांग्लादेश से जुड़ा मुद्दा
एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि पीसीबी ने एक अतिरिक्त मांग भी रखी. इसमें टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके बांग्लादेश को आर्थिक मुआवजा देने की बात शामिल थी. हालांकि, आईसीसी ने साफ किया कि वह मुआवजा नहीं दे सकता, लेकिन बांग्लादेश को आईसीसी की कुल कमाई से पूरा हिस्सा मिलेगा.
आईसीसी की सख्त सलाह
आईसीसी डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा ने पीसीबी को सलाह दी कि वह विवाद को मध्यस्थता समिति या बोर्ड बैठक में उठाए. और साथ ही भारत मैच के बहिष्कार को तुरंत खत्म करने पर जोर दिया. उनका मानना है कि यह गतिरोध क्रिकेट के हित में नहीं है और इसके दूरगामी नतीजे हो सकते हैं.
बहिष्कार की असली वजह
पीसीबी सूत्रों के अनुसार, भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया था. पाकिस्तान सरकार बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाना चाहती थी. इसी वजह से 15 फरवरी को प्रस्तावित मैच खेलने से टीम को रोका गया. अब आईसीसी को उम्मीद है कि पाकिस्तान जल्द व्यावहारिक फैसला लेगा.