भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना के लिए 23 नवंबर का दिन जिंदगी का सबसे बड़ा और खास दिन बनने वाला था. वह म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुच्छल के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही थीं. सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. मेहमान पहुंच चुके थे. परिवार में उत्साह था.
लेकिन शादी से कुछ घंटे पहले ही हालात ऐसे बने कि इस खुशी के पल पर दुख की परछाई पड़ गई. अचानक उनके पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इसी बीच कुछ समय बाद उनके मंगेतर पलाश की भी तबीयत खराब हो गई और उन्हें भी अस्पताल ले जाना पड़ा.
जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर करीब सवा एक बजे स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना को सीने में दर्द की शिकायत हुई. परिवार तुरंत उन्हें सांगली स्थित सर्वहित अस्पताल लेकर गया. डॉक्टरों की टीम ने जांच की और हार्ट अटैक के लक्षण पाए. डॉक्टर नमन शाह ने बताया कि मरीज को तुरंत निगरानी में रखा गया और कार्डियोलॉजिस्ट की टीम इलाज में जुट गई. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है लेकिन उन्हें कुछ दिन अस्पताल में रहना पड़ेगा. डॉक्टर का मानना है कि शादी के माहौल की भागदौड़ और मानसिक तनाव की वजह से ऐसी स्थिति बनी.
पिता की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्मृति मंधाना ने तत्काल फैसला लिया कि शादी को फिलहाल टाल दिया जाए. शादी शाम साढ़े चार बजे होनी थी लेकिन इससे कुछ घंटे पहले ही परिवार भावनात्मक रूप से टूट गया. खुशियों के बीच अचानक आए इस झटके ने पूरे परिवार को हिला दिया.
पिता की तबीयत बिगड़ने के कुछ ही समय बाद एक और खबर आई जिसने तनाव और बढ़ा दिया. स्मृति के मंगेतर और संगीतकार पलाश मुच्छल की भी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें वायरल इंफेक्शन और एसिडिटी की शिकायत हुई. एहतियात के तौर पर उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि उनकी हालत गंभीर नहीं थी और जांच के बाद कुछ ही देर में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया.