Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

क्रिकेट के बाद अब छोटे पर्दे पर 'हिटमैन' का जलवा, रोहित शर्मा के टीवी डेब्यू के टीजर ने इंटरनेट पर लगाई आग

IPL-2026 में मुंबई इंडियंस के लिए बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे रोहित शर्मा अब अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं. सोनी टीवी ने उनके नए शो का टीजर जारी किया है, जिसके बाद प्रशंसकों को बेसब्री से उनके नए शो का इन्तजार है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा इन दिनों क्रिकेट के मैदान के साथ ग्लैमर की दुनिया में भी तहलका मचाने जा रहे हैं. आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की ओर से रनों का अंबार लगाने के बाद अब उनके प्रशंसकों के लिए मनोरंजन जगत से एक बड़ी खबर आई है. रोहित शर्मा अब जल्द ही टीवी पर अपना बड़ा डेब्यू करने जा रहे हैं. शुक्रवार 8 मई को जारी हुए टीजर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है.

सोनी टीवी और सोनी लीव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रोहित शर्मा का एक विशेष टीजर साझा किया है, जिसमें वे नए अवतार में दिख रहे हैं. इस वीडियो में रोहित काफी आत्मविश्वास के साथ अभिनय करते नजर आ रहे हैं, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं. टीजर के अंत में उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि- 'जब मेरा शो टीवी पर आएगा तो धूम मचेगी.' इस छोटे से वीडियो ने क्रिकेट और मनोरंजन जगत के बीच नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं.

शो के नाम का नहीं हुआ खुलासा 

फिलहाल सोनी टीवी ने इस शो के आधिकारिक नाम या इसकी थीम के बारे में कोई पुख्ता जानकारी साझा नहीं की है. रोहित किस विशेष किरदार में होंगे और यह शो किस श्रेणी का होगा, इसे फिलहाल गुप्त रखा गया है. हालांकि, टीजर की भव्यता को देखकर लग रहा है कि सोनी टीवी जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा करेगा. प्रशंसकों को पूरी उम्मीद है कि रोहित का यह टीवी अवतार भी उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की तरह ही सुपरहिट साबित होगा.

क्रिकेट करियर का नया मोड़ 

रोहित के क्रिकेट सफर की बात करें तो उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की ऐतिहासिक जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय टी-20 को अलविदा कह दिया था. इसके बाद आईपीएल 2025 के दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी थी. फिलहाल वे केवल वनडे प्रारूप में टीम इंडिया का हिस्सा हैं. ऐसे में टीवी की दुनिया में कदम रखना उनके फैंस के लिए किसी स्पेशल ट्रीटमेंट से कम नहीं है.

हैमस्ट्रिंग की समस्या के बाद आईपीएल में शानदार वापसी 

आईपीएल 2026 के मैदान पर रोहित का बल्ला जमकर बोल रहा है. हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण वे सीजन के शुरुआती पांच मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन 21 दिनों बाद वापसी करते हुए उन्होंने एलएसजी के खिलाफ 84 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. अब तक खेले गए पांच मैचों में उनके बल्ले से 78, 35, 5, नाबाद 19 और 84 रनों की महत्वपूर्ण पारियां निकली हैं. चोट से उबरने के बाद उनकी यह लय मुंबई इंडियंस के लिए संजीवनी का काम कर रही है.