डबल सेंचुरी से चूके, फिर भी बड़ा रिकॉर्ड बना गए Mohammad Rizwan, कामरान अकमल को पछाड़ा
Mohammad Rizwan: पाकिस्तान के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट दोहरा शतक बनाने से चूक गए. वे 239 गेंद पर 171 रन बनाकर खेल रहे थे तभी कप्तान मसूद ने पारी घोषित कर दी. ये उनके करियर का हाई स्कोर है. उससे पहले उनका बेस्ट स्कोर 115 रन था. रिजवान ने करियर का तीसरा टेस्ट शतक जमाकर कामरान अकमल को पीछे छोड़ दिया है. जानिए किस मामले में...
Mohammad Rizwan: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच रावलपिंडी में पहला टेस्ट चल रहा है. इस मुकाबले के दूसरे दिन पाकिस्तान विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 171 रनों की पारी खेलकर बड़ा कमाल किया है. वो इस पारी के दम पर पाकिस्तान के लिए टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं. रिजवान ने पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
शकील-रिजवान ने आगे बढ़ाई पारी
दरअसल, पाकिस्तान ने पहले ही दिन 4 विकेट खोकर 158 रन बनाए थे. शकील 57 और रिजवान 24 रन बनाकर नॉटआउट थे. इन दोनों ने दूसरे दिन पारी बढ़ाई और स्कोर 200 पार ले गए. शकील ने 141 रन की पारी खेली, जबकि रिजवान ने 171 रन बाए. इस पारी के दम पर उन्होंने कामरान अकमल को पीछे छोड़ा है.
पाकिस्तान के लिए टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर
पाकिस्तान के लिए टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज तस्लीम आरिफ हैं, जिन्होंने 1980 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 210 रनों की नाबाद पारी खेली थी. दूसरे नंबर पर इम्तियाज अहमद का नाम है, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1955 में 209 रनों की दमदार पारी खेली थी. अब 171 रनों के साथ तीसरे नंबर पर रिजवान काबिज हो गए हैं. उन्होंने कामरान अकमल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ 159 रनों की नाबाद खेली थी.
मैच का हाल
पाकिस्तान ने मुकाबले के दूसरे दिन 448/6 के स्कोर पर अपनी पहली पारी डिक्लेयर की. रिजवान 171 पर नाबाद रहे. वो दोहरा शतक पूरा करते इससे पहले ही कप्तान मसूद ने पारी घोषित कर दी. पहली पारी में टीम के लिए सऊद शकील और मोहम्मद रिजवान ने सेंचुरी लगाईं. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 12 ओवर में बगैर नुकसान के 27 रन बना लिए हैं.