RCB vs GT Qualifier 1: कागिसो रबाडा बने पावरप्ले के सबसे खतरनाक गेंदबाज, इस दिग्गज भारतीय गेंदबाज का तोड़ा रिकॉर्ड

क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया.

X
Ashutosh Rai

IPL 2026 के क्वालीफायर-1 मुकाबले में धर्मशाला का मैदान एक बार फिर तेज गेंदबाजों के नाम रहा. गुजरात टाइटंस के स्टार पेसर कागिसो रबाडा ने शुरुआती ओवरों में घातक गेंदबाजी करते हुए बड़ा इतिहास रच दिया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने वेंकटेश अय्यर का विकेट लेते ही मोहम्मद शमी का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. रबाडा आईपीएल में पावरप्ले के सबसे सफल गेंदबाज बन चुके हैं.

पावरप्ले में रबाडा का नया रिकॉर्ड

कागिसो रबाडा ने शानदार लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की. वेंकटेश अय्यर ने शुरुआत में कुछ बड़े शॉट लगाए. रबाडा ने अपनी चालाकी दिखाई और उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया. अय्यर का विकेट लेते ही रबाडा आईपीएल 2026 में पावरप्ले के दौरान 18 विकेट ले लिए. इसके साथ ही उन्होंने मोहम्मद शमी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. उन्होंने 2023 सीजन में शुरुआती छह ओवरों में 17 विकेट हासिल किए थे.

पर्पल कैप की रेस में भी सबसे आगे

कागिसो रबाडा सिर्फ पावरप्ले में ही नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में सबसे खतरनाक गेंदबाज बनकर उभरे हैं. उन्होंने अब तक 15 मैचों में 25 विकेट हासिल कर लिए हैं और पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे निकल गए हैं. उन्होंने आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ा. उनके नाम 24 विकेट हैं. वहीं राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर और अंशुल कंबोज भी 21 विकेट के साथ पीछे चल रहे हैं.