IND-W vs NED-W: मंधाना-शेफाली का तूफान, टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत
भारतीय महिला टीम ने नीदरलैंड को 95 रन से हराकर महिला टी20 विश्व कप में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शानदार पारियों ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई.
नई दिल्ली: महिला टी20 विश्व कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड को 95 रन से मात दी और इतिहास रच दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट में टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है. जवाब में नीदरलैंड की टीम लक्ष्य का दबाव नहीं झेल सकी और 114 रन पर सिमट गई. इस जीत के साथ भारत ने महिला टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की.
टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी ने नीदरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह दबाव में ला दिया और भारत को बड़े स्कोर की दिशा में मजबूत आधार प्रदान किया.
दोनों सलामी बल्लेबाजों ने जड़े अर्धशतक
स्मृति मंधाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 74 रन बनाए. उनकी पारी में एक छक्का और छह चौके शामिल रहे. दूसरी ओर शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों पर 55 रन की तेजतर्रार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके लगाए और विपक्षी गेंदबाजों को खुलकर निशाना बनाया.
अंतिम ओवरों में तेजी से बढ़ा स्कोर
मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी तेजी से रन जोड़कर भारत को 200 के पार पहुंचाया. ऋचा घोष ने केवल आठ गेंदों में 20 रन बनाकर रनगति को और तेज किया. वहीं दीप्ति शर्मा ने आखिरी दो गेंदों पर 10 रन जुटाकर टीम का स्कोर 209 रन तक पहुंचा दिया. यह महिला टी20 विश्व कप में भारत का पहला 200 प्लस स्कोर भी बना.
लक्ष्य का दबाव नहीं झेल सकी नीदरलैंड
210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की शुरुआत धीमी रही. टीम ने पावरप्ले में केवल एक विकेट गंवाया, लेकिन रनगति लगातार दबाव में रही. फेबे मोल्कनबोआ ने 15 रन बनाए, जबकि कप्तान बोबेट डे लीडे 28 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका.
गेंदबाजों ने जीत को बनाया यादगार
भारतीय गेंदबाजों ने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन को बेहतरीन गेंदबाजी से और मजबूत किया. नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने अहम मौकों पर विकेट लेकर नीदरलैंड की उम्मीदों को तोड़ दिया. लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से विपक्षी टीम कभी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और 114 रन पर सिमट गई. भारत ने मुकाबला 95 रन से अपने नाम कर लिया.