IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

श्रीलंका के 2 खिलाड़ियों ने छोड़ा पाकिस्तान का दौरा, जानें अचानक क्यों लिया ऐसा फैसला

श्रीलंका क्रिकेट टीम इस समय पाकिस्तान के दौरे पर है, जहां ट्राई सीरीज खेली जानी है. हालांकि, इस दौरे से श्रीलंका के 2 खिलाड़ियों ने अपना नाम वापस ले लिया है.

@OfficialSLC
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: श्रीलंका क्रिकेट टीम को पाकिस्तान दौरे पर बड़ा झटका लगा है. टीम के दो अहम खिलाड़ी बीच दौरे से स्वदेश लौट रहे हैं और आने वाले टी-20 ट्राई सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को यह जानकारी दी.

बता दें कि इससे पहले भी पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज पर खतरा मंडराया था. लंकाई खिलाड़ियों ने इस्लामाबाद में हुए विस्फोट के बाद घर दौरा छोड़न की बात कही थी.

बीमारी के चलते लौट रहे हैं असलंका और फर्नांडो

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया कि कप्तान चरिथ असलंका और तेज गेंदबाज असीथा फर्नांडो दोनों बीमार हैं. इस वजह से वे पाकिस्तान से वापस श्रीलंका जाएंगे. बोर्ड ने साफ कहा कि ये दोनों खिलाड़ी पाकिस्तान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच होने वाली ट्राई टी-20 सीरीज में नहीं खेलेंगे.

बोर्ड ने इसे “सुरक्षात्मक कदम” बताया है. उनका कहना है कि खिलाड़ियों को पूरा इलाज और आराम मिले ताकि वे आने वाले मुकाबलों के लिए पूरी तरह फिट हो सकें.

नए कप्तान और नया खिलाड़ी

कप्तान चरिथ असलंका की गैरमौजूदगी में दसुन शनाका श्रीलंका टीम की कमान संभालेंगे. इसके साथ ही टीम में एक नया नाम जुड़ा है. पवन रत्नायके को असलंका की जगह टी-20 टीम में शामिल किया गया है.

पहले भी उठे थे सुरक्षा के सवाल

हाल ही में इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी. उस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 27 लोग घायल हुए थे. इसके बाद कम से कम 8 श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान छोड़ने की इच्छा जताई थी. 

हालांकि, उस वक्त श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया था कि सभी खिलाड़ी पाकिस्तान में ही रहकर वनडे सीरीज और उसके बाद टी-20 सीरीज पूरी करेंगे. बोर्ड ने अनुशासनहीनता करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी.

वनडे सीरीज में पाकिस्तान ने किया क्लीन स्वीप

इससे पहले पाकिस्तान ने श्रीलंका को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से हरा दिया. रविवार को खेले गए आखिरी मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया और 32 गेंद शेष रहते जीत हासिल की.

अब शुरू होगी टी-20 ट्राई सीरीज

पाकिस्तान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 त्रिकोणीय सीरीज रावलपिंडी में खेली जाएगी. सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच होगा. श्रीलंका अपने नए कप्तान दासुन शनाका के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी.