Asia Cup 2025, IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2025 में सुपर-4 का अंतिम मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने जीत हासिल की और इसी के साथ ऐसा कारनामा हुआ, जो इतिहास में कभी नहीं हुआ था. बता दें कि इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरी थी.
इसके बाद भारत ने अभिषेक शर्मा की अर्धशतकीय पारी के दम पर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 202 रन बना लिए थे. इसके जवाब में श्रीलंका ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और उन्होंने भी 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए और इसी के साथ मुकाबला टाई हो गया और सुपर ओवर में पहुंच गया.
भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे अधिक 31 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली थी. उनके अलावा तिलक वर्मा 34 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि संजू सैमसन ने भी 39 रनों का अहम योगदान दिया. इसके बाद श्रीलंका के लिए पथुम निसंका ने शतक लगाया और 58 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेली.
हालांकि, लंकाई टीम को वे जीत नहीं दिला सके और आखिरी ओवर की पहली गेंद पर ऑउट हो गए. श्रीलंका को जीत के लिए आखिरी ओवर में 12 रन बनाने थे लेकिन वे भी 11 रन ही बना सके और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया.
सुपर ओवर में भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने गेंदबाजी की और उन्होंने पहली गेंद पर कुसल परेरा को ऑउट किया. इसके बाद 5वीं गेंद पर शनाका भी ऑउट हो गए और श्रीलंका मात्र 2 रन बना सकी. ऐसे में टीम इंडिया को जीत के लिए 3 रनों की जरूरत थी और भारत के लिए शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर उतरे. सूर्या ने पहली ही गेंद पर शॉट खेलकर 3 रन बना लिए और टीम इंडिया को एक रोमांचक मुकाबले में जीत दिलाई.
एशिया कप के इतिहास में यह पहला मौका था, जब मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा. इससे पहले एशिया कप के इतिहास में कभी भी सुपर ओवर में मुकाबले का नतीजा नहीं निकला था. तो वहीं टीम इंडिया सुपर ओवर में एशिया कप के इतिहास में जीत हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है.