T20 World Cup 2026

IND vs PAK: एशिया कप के फाइनल में पहुंचते ही 'घमंड' में दिखे पाकिस्तान के कोच, टीम इंडिया को दे डाली चेतावनी

Asia Cup 2025 Final, IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान की टीम एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में रविवार को दुबई में आमने-सामने आने वाली हैं. इस मुकाबले से पहले पाक टीम के कोच माइक हेसन ने टीम इंडिया को चेतावनी दी है.

X
Praveen Kumar Mishra

Asia Cup 2025 Final, IND vs PAK: दुबई में रविवार को होने वाले एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने अपनी टीम को क्रिकेट पर ध्यान देने की सलाह दी है लेकिन साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को कड़ी चुनौती देने की बात कही. पाकिस्तान ने गुरुवार को सुपर फोर मुकाबले में बांग्लादेश को 11 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई.

इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए पिछले दो मुकाबलों में तनाव साफ देखने को मिला. दोनों टीमों ने मैच के बाद एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया. पहले मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर राजनीतिक इशारा करने का आरोप लगा, तो दूसरे मैच में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ ने आक्रामक इशारे किए. 

भारत का रहा है दबदबा

भारत ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को दोनों बार मात दी. ग्रुप स्टेज में भारत ने 7 विकेट से और सुपर फोर में 6 विकेट से जीत हासिल की. भारत का पाकिस्तान के खिलाफ 2022 से लगातार सात मैचों में जीत का सिलसिला जारी है, जिसमें तीन वनडे और चार टी20 शामिल हैं. हेसन ने माना कि भारत दुनिया की नंबर एक टीम है. उन्होंने कहा, "हमें भारत को लंबे समय तक दबाव में रखना होगा क्योंकि वे टॉप रैंकिंग की टीम हैं. यह हमारे लिए बड़ी चुनौती होगी."

पाकिस्तान ने दिखाई सुधार की झलक

पाकिस्तान की टीम ने पहले मैच में केवल 127 रन बनाए थे, जिसे भारत ने आसानी से चेज कर लिया. लेकिन सुपर फोर के मुकाबले में पाकिस्तान ने बेहतर प्रदर्शन किया और 172 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. हालांकि, अभिषेक शर्मा की 39 गेंदों में 74 रनों की शानदार पारी ने भारत को जीत दिला दी. हेसन ने कहा, "पहले मैच में हम थोड़ा सुस्त थे लेकिन दूसरे मैच में हमने भारत को कड़ी टक्कर दी. अभिषेक की पारी ने ही हमें जीत से दूर किया."

बता दें कि पाकिस्तान की टीम पिछले 7 मैचों में भारत के खिलाफ एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी है. ऐसे में टीम इंडिया के पास मौका होगा कि वे एक बार फिर से पाकिस्तान को फाइनल में हराकर जीत हासिल करें.