West Bengal Assembly Election 2026

पानी कितना और धूप कितनी दें? गर्मियों में मनी प्लांट को हरा-भरा रखने का आसान तरीका

भारत की तपती गर्मी में मनी प्लांट को हल्की छाया वाली जगह पर रखना सबसे बेहतर है. पानी देने का समय भी मिट्टी की नमी पर निर्भर करता है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली:  गर्मी का मौसम आते ही घर के मनी प्लांट में बदलाव दिखने लगते हैं. पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं, किनारे झुलस जाते हैं या पौधा मुरझाने लगता है. मनी प्लांट इंडोर पौधा होने के कारण भीषण गर्मी में खास देखभाल मांगता है. सही पानी और धूप का बैलेंस बनाए रखें तो ये न सिर्फ जीवित रहता है, बल्कि तेजी से बढ़ता भी है. कई लोग ज्यादा पानी देने या सीधी धूप में रखने से गलती कर बैठते हैं, जिससे जड़ें सड़ जाती हैं या पत्तियां जल जाती हैं. इस मौसम में मनी प्लांट की देखभाल थोड़ी अलग होती है. आइए जानते हैं कि गर्मियों में इसे कैसे खुशहाल रखें ताकि ये साल भर हरा-भरा बना रहे.

धूप का सही बैलेंस बनाएं

मनी प्लांट को सीधी तेज धूप बिल्कुल पसंद नहीं. गर्मियों में 40 डिग्री से ऊपर तापमान में सीधी धूप से पत्तियां झुलस सकती हैं. इसे खिड़की के पास या पूर्व दिशा में रखें जहां सुबह की हल्की धूप मिले, लेकिन दोपहर की कड़ी रोशनी न पड़े. इंडायरेक्ट या फिल्टर्ड लाइट में 4-6 घंटे काफी हैं.

पानी कब और कितना दें

गर्मी में मिट्टी जल्दी सूखती है, लेकिन रोज पानी न डालें. ऊपरी परत सूखने पर ही पानी दें, यानी हफ्ते में 2-3 बार. ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं. गमले में ड्रेनेज होल जरूरी हैं. शाम को पत्तियों पर हल्का स्प्रे करें ताकि नमी बनी रहे.

मिट्टी सूखी चेक करने का तरीका

उंगली से मिट्टी में 1-2 इंच अंदर तक जांचें. अगर सूखी लगे तो पानी डालें, वरना इंतजार करें. पानी पानी में उगाए प्लांट को हर 7-10 दिन में पानी बदलें, लेकिन गर्मी में ज्यादा बार चेक करें. इससे पौधा हरा और स्वस्थ रहता है.

पत्तियों की देखभाल और अतिरिक्त टिप्स

पत्तियां पीली पड़ें तो धूप या पानी की कमी हो सकती है. हल्की मिस्टिंग से पत्तियां तरोताजा रहती हैं. पौधे को हवादार जगह पर रखें, लेकिन ड्राफ्ट से बचाएं. गर्मी में हफ्ते में एक बार पत्तों को साफ कपड़े से पोंछें.

समस्या आने पर क्या करें

अगर पत्तियां जल रही हैं तो जगह बदलें. जड़ सड़ने पर पानी कम करें और मिट्टी बदलें. सही देखभाल से गर्मियों में भी मनी प्लांट घना और चमकदार बना रहता है, जो घर की खूबसूरती बढ़ाता है.