हरियाणा में 10वीं पास युवाओं के लिए खुला सरकारी नौकरी का दरवाजा, ग्रुप-डी पदों पर भर्ती आज से शुरु; ऐसे होगा चयन
हरियाणा में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए शानदार मौका आया है. HSSC ने ग्रुप-डी भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.
HSSC Group D Recruitment 2026: हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने ग्रुप-डी भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया को लेकर जरूरी जानकारी भी साझा की गई है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 जून 2026 से शुरू हैं. इच्छुक उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे. चयन प्रक्रिया में उम्मीदवारों के CET स्कोर को ही आधार बनाया जाएगा.
भर्ती से जुड़ी अहम तारीखें जान लें
आयोग के अनुसार नोटिफिकेशन 18 जून 2026 को जारी किया गया है. आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू होगी और 3 जुलाई तक चलेगी. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 तय की गई है. वहीं, आवेदन फॉर्म में किसी प्रकार की गलती होने पर उम्मीदवार 7 जुलाई से 9 जुलाई 2026 तक करेक्शन विंडो का उपयोग कर सकेंगे.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. साथ ही मैट्रिक स्तर पर हिंदी या संस्कृत विषय का अध्ययन किया होना चाहिए. हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह शर्त स्वीपर और चौकीदार जैसे कुछ पदों पर लागू नहीं होगी. उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी.
CET स्कोर से बनेगी मेरिट
ग्रुप-डी भर्ती में चयन पूरी तरह CET के प्रदर्शन पर आधारित होगा. आयोग ने बताया है कि CET स्कोर को 100 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा. अधिकांश पदों के लिए अलग से मुख्य परीक्षा नहीं होगी. प्रश्नपत्र का स्तर 10वीं कक्षा के बराबर रहेगा. अंतिम मेरिट सूची CET में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी.
ऐसे करें आवेदन, जानें पूरा प्रोसेस
- सबसे पहले उम्मीदवार वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- इसके बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें.
- अब व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें.
- आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें.
- सभी जानकारी को ध्यान से जांचें.
- इसके बाद आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करें और फॉर्म सबमिट कर दें.
- अंत में आवेदन पत्र का प्रिंट या पीडीएफ अपने पास सुरक्षित रख लें.