Russian President Vladimir Putin: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर भारतीय सिनेमा के प्रति अपने प्रेम को जाहिर किया है. सोची में वाल्दाई डिस्कशन ग्रुप के दौरान उन्होंने कहा कि रूस में भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता आज भी बरकरार है. पुतिन ने बताया कि रूस शायद दुनिया का एकमात्र देश है, जहां भारतीय फिल्मों के लिए एक अलग टीवी चैनल मौजूद है. उन्होंने कहा, 'हमें भारतीय सिनेमा बहुत पसंद है.'
पुतिन ने भारत और रूस के बीच संबंधों को केवल राजनीति तक सीमित नहीं बताया, बल्कि सांस्कृतिक और मानवीय रिश्तों पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि कई भारतीय छात्र रूस में शिक्षा के लिए आते हैं और रूस उनकी संस्कृति और लोगों का खुले दिल से स्वागत करता है. यह पहली बार नहीं है जब पुतिन ने भारतीय सिनेमा की तारीफ की हो. पिछले साल अक्टूबर में भी उन्होंने कहा था कि रूस में भारतीय फिल्में ब्रिक्स देशों के अन्य मनोरंजन माध्यमों से ज्यादा लोकप्रिय हैं. भारतीय सिनेमा, खासकर बॉलीवुड, रूस में दशकों से लोगों के दिलों पर राज करता आ रहा है.
'रूस में भारतीय फिल्मों के लिए अलग से TV चैनल'
“We love Indian cinema. Actually, Russia is probably the only country in the world that has a separate TV channel just for Indian movies,” says Russian President Vladimir Putin pic.twitter.com/u4JKss3tBX
— Shashank Mattoo (@MattooShashank) October 3, 2025
रूसी दर्शकों को भारतीय फिल्मों की भावनात्मक कहानियां, रंग-बिरंगे गीत और नृत्य बहुत पसंद आते हैं. पुतिन का यह बयान दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूत करता है. रूस और भारत के बीच संबंध केवल सिनेमा तक सीमित नहीं हैं. दोनों देश शिक्षा, व्यापार और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी एक-दूसरे के साथ मजबूत सहयोग साझा करते हैं. भारतीय संस्कृति का रूस में इतना सम्मान दोनों देशों के बीच गहरे रिश्ते का प्रतीक है.
राष्ट्रपति पुतिन ने भारतीय सिनेमा को लेकर बांधे तारीफों के पुल
पुतिन का यह बयान भारतीय सिनेमा के वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है. बॉलीवुड की फिल्में न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी लोगों को जोड़ने का काम करती हैं. रूस जैसे देश में भारतीय फिल्मों के लिए एक समर्पित चैनल का होना इस बात का सबूत है कि भारतीय सिनेमा की पहुंच और लोकप्रियता कितनी व्यापक है.