ट्रंप के 'नरक' वाले बयान पर मार्को रुबियो ने दी सफाई, अमेरिकी राष्ट्रपति को बताया भारत का बड़ा प्रशंसक
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अमेरिका द्वारा भारत पर किए गए नस्लवादी टिप्पणी पर बयान दिया है. इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत रिश्ते का जिक्र किया.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत यात्रा पर आए हुए हैं. अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने सेवा तीर्थ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और ताजमहल का दौरा भी किया. अपने इस भारत यात्रा पर उन्होंने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मीडिया से बातचीत भी की.
रुबियो से जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुराने बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने कुछ ऐसा कहा जिसे सुनकर सभी लोग दंग रह गए. दरअसरल रुबियो के सामने ऑनलाइन नस्लवाद और सोशल मीडिया पर भारत को लेकर की गई टिप्पणियों का मुद्दा उठाया था. अमेरिकी विदेश मंत्री ने इस पर जवाब दिया.
अमेरिकी विदेश मंत्री ने दिया जवाब
अमेरिकी विदेश मंत्री ने इस सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति भारत से बहुत प्यार करते हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भारत के बहुत बड़े प्रशंसक हैं, प्रधानमंत्री मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. अगर राष्ट्रपति नहीं चाहते कि मैं यहां आऊं, तो मैं यहां नहीं होता. वह सर्जियो जैसे किसी व्यक्ति को हमारा राजदूत बनाकर नहीं भेजते, जो राष्ट्रपति के बहुत करीब है.
रुबियो ने मीडिया से बातचीत के दौरान भारतीय-अमेरिकियों को झेलनी पड़ रही नस्लवादी टिप्पणियों से जुड़ी चिंताओं पर बात की. उन्होंने कहा कि दुनिया के हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं. मुझे यकीन है कि अमेरिका में भी ऐसे बेवकूफ लोग हैं, जो हर समय बेवकूफी भरी टिप्पणियां करते रहते हैं. उनके इस बयान को अब ट्रंप के पुराने बयान से जोड़ा जा रहा है. सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
क्या था पूरा मामला?
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल में सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्टर की एक अपमानजनक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें भारत को नरक बताया गया था. उस समय, भारतीय विदेश मंत्रालय ने ट्रंप का सीधे तौर पर नाम लिए बिना इस पर प्रतिक्रिया दी थी. MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ये टिप्पणियां निश्चित रूप से भारत-अमेरिका संबंधों की वास्तविकता को नहीं दर्शातीं, जो लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित रहे हैं. रुबियो इस समय भारत के दौरे पर हैं और आज जयपुर यात्रा पर करने वाले हैं.