IPL 2026

'हमारे पास एक ऐसा हथियार जिससे उन्हें हार्ट अटैक आ सकता है', ट्रंप की धमकियों पर ईरान का पलटवार

मिडिल ईस्ट में तनाव कम होता नजर नहीं. ट्रंप की चेतावनी पर ईरान ने भी पलटवार कियाहै. ईरान के नौसेना कमांडर ने दावा किया है कि उनके पास एक ऐसा हथियार है, जिससे दुश्मनों को हार्ट अटैक आ सकता है.

X (@IRGC_IRAN_News)
Shanu Sharma

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच ईरान ने एक बार फिर से अपनी सैन्य क्षमता को लेकर चेतावनी दी है. ईरान के नौसेना कमांडर ने दावा किया है कि उनके पास एक ऐसा हथियार है, जिससे अमेरिका और इजरायल जैसे दुश्मनों का हार्ट अटैक आ सकता है.

तेहरान की ओर से यह दावा ऐसे समय में किया गया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के तीन सूत्री शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया और तेहरान की तेल पाइपलाइनों को लेकर चेतावनी जारी की है. ट्रंप के इस एक्शन पर ईरान ने गुस्सा जाहिर किया है.

ईरानी हथियार दुश्मनों  के बेहद करीब

ईरानी नौसेना के कमांडर रियर एडमिरल शहरम ईरानी ने कहा कि उनका देश बहुत जल्द दुश्मनों के सामने एक ऐसे हथियार को तैनात करेगा, जिससे वे बेहद डरते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह हथियार दुश्मनों के इतने करीब है कि उन्हें हार्ट अटैक न पड़ जाए, इसकी चिंता होनी चाहिए.

ईरानी ने ट्रंप के उन बार-बार दोहराए जा रहे दावों का मजाक उड़ाते हुए कहा कि अगर अमेरिका और उसके सहयोगी यह समझते हैं कि ईरान के खिलाफ संघर्ष में उन्हें आसानी से जीत मिल जाएगी, तो वे पूरी तरह गलत हैं. उन्होंने कहा कि हालिया आक्रामकता के बावजूद ईरान की सैन्य शक्ति बरकरार है और दुश्मनों को जल्द ही इसका सामना करना पड़ेगा.

ट्रंप के दावों का ईरान ने बनाया मजाक

ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि ईरान की सेना पूरी तरह तबाह हो चुकी है और अमेरिकी नाकेबंदी के कारण तेहरान की गैस पाइपलाइनें तथा तेल सुविधाएं जल्द ही फट जाएंगी. ईरानी कमांडर ने इन दावों को मज़ाक करार दिया. उन्होंने कहा कि बिना किसी उकसावे के की गई अमेरिकी आक्रामकता से मकसद हासिल करने की कोशिश नाकाम रही.

ट्रंप ने ईरान के तीन सूत्री प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया और साफ कहा कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने यह भी दोहराया कि परमाणु कार्यक्रम पर कोई समझौता न होने तक नाकेबंदी जारी रहेगी. ईरान ने ट्रंप की विस्फोट वाली चेतावनी को भी खारिज किया है. ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि तीन दिन बीत गए, इसके बाद भी अभी तक कोई कुआं नहीं फटा है.