West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

नोएडा टू थाईलैंड पहुंची अपराध की कहानी, आखिर कौन है कबाड़ी से करोड़पति बना रवि काना?

Who is Ravi Kana: हाल ही में थाईलैंड में गिरफ्तार किए गए रवि काना को आज भारत लाया गया है. जल्द ही रवि काना और उसकी साथी काजल झा को कोर्ट में पेश किया जाएगा.

Social Media
India Daily Live

उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में कबाड़ का कारोबार करने वाला एक शख्स दुनिया का बड़ा गैंगस्टर बन जाता है. सात से आठ सालों में रविंद्र नागर उर्फ रवि काना की अवैध संपत्तियों में बेतहाशा इजाफा होने का मामला भी सामने आया है. हाल ही में रवि काना को थाईलैंड से गिरफ्तार किया गया था और आज दोनों को भारत लाया गया है. एक साल पहले फरार हुए रवि काना के बाद उसकी राजदार और प्रेमिका काजल झा को भी पकड़ लिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, गैंगरेप के एक केस के बाद भारत से फरार हुए रवि काना की बर्बादी की कहानी उसी घटना के बाद से शुरू हो गई थी जब उसका नाम इस केस में सामने आया था.

सात-आठ साल पहले रविंद्र नागर उर्फ रवि काना ग्रेटर नोएडा में कबाड़ का काम करता था. काजल झा यहीं से उसकी असिस्टेंट और फिर प्रेमिका बनी. पहले वह रवि काना के कारोबार का हिसाब-किताब देखती थी. दरअसल, रवि काना अपने इस कबाड़ के धंधे की आड़ में कई अवैध धंधे चलाता था. इन धंधों से होने वाली बेतहाशा कमाई से उसने बेनामी संपत्ति खरीदी. कबाड़ के धंधे से आगे बढ़कर रवि काना पुलिस की फाइलों तक पहुंच गया था. इन सारे कामों में काजल झा उसकी राजदार होने के साथ-साथ मुख्य सहयोगी भी थी.

गर्लफ्रेंड का बंगला हो गया सील

बताया जाता है कि रवि काना अपनी प्रेमिका काजल झा से बेइंतहा मोहब्बत करता था. इसी का नतीजा था कि उसने दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 100 करोड़ का एक बंगला खरीदा और काजल को गिफ्ट दे दिया. अब पुलिस ने इस बंगले को सील कर दिया है. इन दोनों के फरार होने के बाद से ही पीछे पड़ी पुलिस इन्हें थाईलैंड से पकड़ पाई है और अब भारत लाकर इनपर मुकदमा चलाया जाएगा.

क्या है गैंगरेप की कहानी?

दिसंबर 2023 में एक महिला का गैंगरेप हुआ था. यह गैंगरेप नोएडा के एक नामी मॉल की पार्किंग में हुआ. पीड़िता ने रवि काना समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत करवाई. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ लोगों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसे रवि काना से मिलाने की बात कही थी. ये लोग उसे मॉल की पार्किंग में लेकर आए और गन प्वाइंट पर महिला का रेप किया और वीडियो भी बनाया. मुंह खोलने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी.

इसी दिन से रवि काना पुलिस की नजर में आ गया. पांच में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन दो आरोपी (रवि काना और एक अन्य) फरार हो गए. पुलिस ने उसकी संपत्तियों को अटैच करना शुरू कर दिया. सिर्फ 3 महीने में उसकी 500 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति सामने आ गई. रवि काना भागकर थाईलैंड पहुंच चुका था.

अब उसे थाईलैंड में पकड़ा गया है और भारत लाया गया है. उसके खिलाफ गैंगस्टर ऐक्ट के तहत के केस दर्ज किया गया है. बता दें कि काजल झा के साथ अफेयर चला रहा रवि काना शादीशुदा है. उसकी पत्नी मधु नागर के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत केस चल रहा है. उसे फरवरी महीने में ही दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया था. उस वक्त वह भी थाईलैंड भागने की फिराक में थी.