menu-icon
India Daily

उत्तर भारत में मौसम लेगा करवट, आज से होगी झमाझम बारिश-और बर्फबारी; जानिए कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम

आज उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की वजह से हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और  बर्फबारी का दौर शुरू हो रहा है. वहीं मैदानी इलाकों में आंधी और बारिश होने संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 8 राज्यों में अलर्ट जारी किया है, जहां ठंड बढ़ेगी और तापमान गिरेगा.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
उत्तर भारत में मौसम लेगा करवट, आज से होगी झमाझम बारिश-और बर्फबारी; जानिए कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम
Courtesy: grok

नई दिल्ली: देश के उत्तरी भाग में मौसम ने फिर एक बार करवट ली है. बतौर भारतीय मौसम विभाग (IMD) 1 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बढ़ने वाला है. इस वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड जैसे पहाड़ी प्रदेशों में भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है. वहीं मैदानी इलाके दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का असर दिखेगा. न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण कड़ाके की ठंड महसूस की जा सकती है. इसके साथ ही कोहरा भी परेशान कर सकता है. 

उत्तर भारत में बदलेगा मौसम

पिछले कुछ दिनों की शुष्क ठंड के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ ने जोर पकड़ लिया है. भारतीय मौसम विभाग की मानें तो अगले 72 घंटों में उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बिगड़ेगा. जहां पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंडी हवाएं मैदानों तक पहुंचेंगी तो वहीं  न्यूनतम तापमान करीब 4-8 डिग्री सेल्सियस रहेगा. लोगों को फिर से भारी गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ सकती है. 

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 1 फरवरी से तेज बर्फबारी शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. कश्मीर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री तक जा सकता है. शिमला, मनाली, केदारनाथ जैसे स्थानों पर भारी बर्फबारी होने की आशंका है. मौसम विभाग ने यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि सड़कें बंद भी हो सकती हैं. 

मैदानी क्षेत्रों में बारिश और आंधी का कहर

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है. साथ ही तेज 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी बात कही है. जयपुर, लखनऊ, चंडीगढ़ जैसे शहरों में गरज-चमक के साथ ओले भी गिर सकते हैं. कोहरा सुबह के समय दिखाई देगा, जिससे दृश्यता कम होगी और यातायात प्रभावित होगा. 

राजस्थान और दिल्ली के मौसम का हाल

राजस्थान में जयपुर, अजमेर, कोटा क्षेत्रों में बारिश और ओले गिरने का खतरा है. वहीं शीतलहर से दिन में भी ठंड महसूस की जा सकती है. दिल्ली में न्यूनतम 7 और अधिकतम 19 डिग्री तापमान रहने की संभावना है. बारिश से प्रदूषण कम हो सकता है, लेकिन ठंड भी बढ़ सकती है. मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 2 फरवरी तक रहेगा.

अन्य राज्यों में कैसा होगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश, बिहार में हल्की बारिश और कोहरा परेशान कर सकता है. वहीं मुंबई जैसे दक्षिणी शहरों में मौसम नॉर्मल रहेगा, यहां न्यूनतम 21 डिग्री तापमान रहने की संभावना है. कुल मिलाकर उत्तर भारत में ठंड और बारिश के कारण लोग सर्दी का एहसास करेंगे. IMD ने सावधानी बरतने की सलाह दी है.