Ujjain Aircraft Hotel: उज्जैन के भाइयों ने किया कमाल, BSF के पुराने विमान को लग्जरी होटल में बदला; ऑपरेशन सिंदूर से मिली प्रेरणा

Ujjain Aircraft Hotel: उज्जैन के दो भाइयों विरेन्द्र और पुष्पेन्द्र कुशवाहा ने बीएसएफ के पुराने विमान को 40 लाख में खरीदकर लग्जरी होटल में बदलने की योजना बनाई है. 'ऑपरेशन सिंदूर' से प्रेरित यह प्रोजेक्ट अगले साल तक पूरा होगा. इसका उद्देश्य सेना के प्रति सम्मान बढ़ाना और उज्जैन में पर्यटन को नई दिशा देना है.

x
Km Jaya

Ujjain Aircraft Hotel: मध्य प्रदेश के उज्जैन में दो भाइयों ने ऐसा काम कर दिखाया है जिसने पूरे शहर को चकित कर दिया है. विरेन्द्र और पुष्पेन्द्र कुशवाहा नाम के ये भाई बीएसएफ के एक पुराने कार्गो विमान को लग्जरी होटल में तब्दील कर रहे हैं. 'ऑपरेशन सिंदूर' से प्रेरित इस प्रोजेक्ट का मकसद लोगों में सेना के प्रति सम्मान बढ़ाना और उज्जैन में पर्यटन को नई उड़ान देना है.

भाइयों ने करीब 40 लाख रुपये में सरकारी टेंडर के जरिए बीएसएफ का पुराना विमान खरीदा. यह विमान 70 फीट लंबा, 100 फीट चौड़ा और 20 टन वजनी है. इसे दिल्ली से उज्जैन तक लाने में लगभग 5.5 लाख रुपये का खर्च आया. सामान्यत: ऐसे विमानों को कबाड़ में बेच दिया जाता है, लेकिन दोनों भाइयों ने इसे नई जिंदगी देने का फैसला किया.

लक्जरी होटल में तबदील करने की योजना

वे इसे 'फाइव स्टार लक्जरी होटल' में बदल रहे हैं जिसमें पांच प्राइवेट रूम बनाए जाएंगे. यह होटल उज्जैन के शंकरपुर इलाके में उनकी 'अनंता विलेज फार्म स्टे' संपत्ति पर बनेगा. इस होटल का उद्देश्य खासतौर पर महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और 2028 के सिंहस्थ मेले में आने वाले पर्यटकों को एक अनोखा अनुभव देना है.

फोटोग्राफी या प्री-वेडिंग शूट के लिए उपयोगी

पुष्पेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि उन्हें हरियाणा के विमान-थीम वाले रेस्तरां जैसे अंबाला का 'रनवे 1', गुरुग्राम का 'फ्लाइट ऑफ ड्रीम्स' और मुरथल का 'टर्मिनल C' देखकर प्रेरणा मिली लेकिन उन्होंने इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए इसे होटल में बदलने का निर्णय लिया. विमान को स्थायी रूप से खेत में रखा जाएगा और अंदर प्रीमियम इंटीरियर लगाए जाएंगे ताकि मेहमानों को असली विमान में रहने जैसा अनुभव मिले. यहां ठहरने के अलावा लोग फोटोग्राफी या प्री-वेडिंग शूट के लिए भी आ सकेंगे. 

प्रोजेक्ट का सकारात्मक संदेश 

कुशवाहा भाइयों का कहना है कि वे इस प्रोजेक्ट से एक सकारात्मक संदेश देना चाहते हैं. उन्होंने कहा, 'हम ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित हैं और चाहते हैं कि लोग सेना का सम्मान करें. हमारा उद्देश्य यही है कि देशभक्ति और नवाचार एक साथ दिखें.' यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट अगले साल तक पूरा होने की उम्मीद है. उज्जैन, जो पहले ही धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है, अब पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान हासिल करने जा रहा है.