17 की उम्र में बनीं हीरोइन, आज करोड़ों की मालकिन हैं TMC सांसद सयानी घोष!
टीएमसी सांसद सयानी घोष संसद में अलग बैठने की मांग को लेकर चर्चा में हैं. चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल 91.89 लाख रुपये की संपत्ति और करीब 59 लाख रुपये का कर्ज है.
कोलकाता: अभिनेत्री से नेता बनीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद सयानी घोष इन दिनों काफी चर्चा में हैं. खबरों के मुताबिक वह उन टीएमसी सांसदों के गुट में शामिल हैं जिन्होंने संसद में अपने लिए अलग बैठने की व्यवस्था की मांग की है. इस कदम को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी नेतृत्व के लिए एक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.
एक्टिंग से की थी करियर की शुरुआत
सयानी घोष राजनीति में आने से पहले बंगाली मनोरंजन उद्योग का एक जाना-माना चेहरा रही हैं. उन्होंने महज 17 साल की उम्र में साल 2010 में आई बंगाली टेलीफिल्म 'इच्छे दाना' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने अपनी अदाकारी और गायकी के दम पर दर्शकों के बीच एक खास पहचान बनाई. साल 2021 में वह टीएमसी में शामिल हुईं और उन्होंने आसनसोल से विधानसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि वह यह चुनाव हार गईं थी. इसके बावजूद पार्टी में उनका कद बढ़ता गया और 2023 में उन्हें टीएमसी यूथ विंग का अध्यक्ष बनाया गया. इसके बाद साल 2024 में उन्होंने जादवपुर लोकसभा सीट से बंपर जीत हासिल की और सांसद बनीं.
91 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति
2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक सयानी घोष की कुल संपत्ति करीब 91.89 लाख रुपये है. हालांकि उनके ऊपर लगभग 59 लाख रुपये का कर्ज भी है. चुनावी हलफनामे के अनुसार सयानी के पास करीब 35,000 रुपये कैश थे। इसके अलावा, एचडीएफसी (HDFC) और यूको (UCO) जैसे बैंकों के खातों और रेकरिंग डिपॉजिट (RD) स्कीमों में उनके 10 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं।
शेयर बाजार से दूरी और अन्य संपत्तियां
दिलचस्प बात यह है कि सयानी घोष ने शेयर बाजार बॉन्ड या डिबेंचर में कोई निवेश नहीं किया है. सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक उनके पास पोस्ट ऑफिस की भी कोई बचत योजना नहीं है. सयानी के पास करीब 11 लाख रुपये की चार लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियां हैं जिनमें से दो एलआईसी और दो एचडीएफसी लाइफ की हैं. इसके अलावा उनके पास लगभग 8 ग्राम सोना है.
चल संपत्ति की बात करें तो उनके पास करीब 6 लाख रुपये की एक होंडा जैज कार है और उनकी कुल चल संपत्ति लगभग 29 लाख रुपये आंकी गई है. वहीं अचल संपत्ति के नाम पर उनके पास कोई खेती की जमीन, कमर्शियल बिल्डिंग या प्लॉट नहीं है लेकिन कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके में उनका एक आलीशान घर है जिसकी कीमत करीब 62.64 लाख रुपये है.