मुर्शिदाबाद में नया विवाद, हुमायूं कबीर के बेटे के खिलाफ एक्शन, जानें क्यों हिरासत में लिया?

शिकायत दर्ज होने के बाद साक्तिपुर पुलिस की टीम तुरंत हुमायूं कबीर के निवास पर पहुंची और पूछताछ की. जांच के दौरान मुख्य आरोपी रॉबिन को डिटेन कर लिया गया.

Photo-Social Media
Gyanendra Sharma

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल की राजनीति में सक्रिय जनता उन्नयन पार्टी (JUP) के संस्थापक और भरतपुर से विधायक हुमायूं कबीर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. इस बार कारण उनके परिवार से जुड़ा एक गंभीर मामला है. पुलिस ने उनके बेटे गुलाम नबी आजाद उर्फ रॉबिन को निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में हिरासत में ले लिया है.

यह घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है. हुमायूं कबीर के PSO कांस्टेबल जुम्मा खान ने साक्तिपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, जब उन्होंने घर जाने के लिए छुट्टी की मांग की, तो रॉबिन ने गुस्से में आकर उनके साथ हाथापाई की. यह पूरा वाकया साक्तिपुर इलाके में स्थित हुमायूं कबीर के ग्राउंड फ्लोर कार्यालय में हुआ, जहां उस वक्त कई स्थानीय लोग भी उपस्थित थे.

शिकायत दर्ज होने के बाद साक्तिपुर पुलिस की टीम तुरंत हुमायूं कबीर के निवास पर पहुंची और पूछताछ की. जांच के दौरान मुख्य आरोपी रॉबिन को डिटेन कर लिया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की गहराई से जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी.

तृणमूल कांग्रेस से निकाला गया

हुमायूं कबीर हाल के दिनों में अपनी नई पार्टी जनता उन्नयन पार्टी के गठन और मुर्शिदाबाद में धार्मिक मुद्दों पर सक्रियता के कारण लगातार चर्चा में रहे हैं. पूर्व में तृणमूल कांग्रेस से निलंबित होने के बाद उन्होंने स्वतंत्र राजनीतिक पहल शुरू की है. हालांकि, यह नया मामला उनके परिवार और राजनीतिक छवि पर सवाल खड़े कर रहा है.

मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद में हिंदू डरे हुए हैं

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही चिंताएं हैं, और ऐसे मामले कानून-व्यवस्था की स्थिति को और जटिल बना सकते हैं. पुलिस ने फिलहाल किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया है, लेकिन जांच जारी है. यह घटना पश्चिम बंगाल की राजनीति में मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले की गतिविधियों पर नजर रखने वालों के लिए एक नया मोड़ लेकर आई है. आगे क्या होता है, यह देखना दिलचस्प होगा.