तरबूज नहीं था मौत की असली वजह! आखिर कैसे गई थी मुंबई में परिवार की जान? सामने आया नया ट्विस्ट
मुंबई में एक परिवार के चार लोगों की मौत को पहले तरबूज से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अब जांच में मॉर्फिन और संदिग्ध जहरीले पदार्थ के संकेत मिले हैं. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
मुंबई: मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है. शुरुआत में माना जा रहा था कि तरबूज खाने से फूड पॉइजनिंग हुई और इसी वजह से परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई लेकिन अब जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं.
यह घटना मुंबई के इस्माइल कुर्ते रोड स्थित घारी मोहल्ला की है, जहां 25 अप्रैल की रात दोकाडिया परिवार के घर एक निजी कार्यक्रम रखा गया था. कार्यक्रम में रिश्तेदार भी शामिल हुए थे. देर रात मेहमानों के जाने के बाद करीब एक बजे 40 साल के अब्दुल्ला दोकाडिया, उनकी 35 साल की पत्नी नसरीन और उनकी दो बेटियां 16 साल की आयशा और 13 साल की जैनब
ने तरबूज खाया था.
कब बिगड़ी तबीयत?
अगली सुबह चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई. हालत गंभीर होने पर परिवार को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें मुंबई के सरकारी जे जे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई.
शुरुआती जांच में क्या आया सामने?
शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने पाया कि मृतकों के कुछ अंदरूनी अंगों का रंग हरा हो गया था. इनमें दिमाग, दिल और आंतें शामिल हैं. डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के लक्षण सामान्य फूड पॉइजनिंग में नहीं दिखते, जिससे शक और गहरा गया है.
जांच के दौरान अब्दुल्ला दोकाडिया के शरीर में मॉर्फिन के अंश भी पाए गए हैं. मॉर्फिन एक शक्तिशाली दर्द निवारक दवा है, जिसका इस्तेमाल डॉक्टरों की निगरानी में किया जाता है. इसके शरीर में मिलने से जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं परिवार ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन तो नहीं किया था.
राज्य खाद्य और औषधि प्रशासन ने साफ कहा है कि अभी तक तरबूज और मौत के बीच कोई सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है. अधिकारियों ने तरबूज के सैंपल और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
पुलिस ने उन मेहमानों के बयान भी दर्ज किए हैं जिन्होंने उसी कार्यक्रम में खाना खाया था और सुरक्षित हैं. इसके साथ ही आत्महत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि परिवार किसी आर्थिक परेशानी या निजी तनाव से गुजर रहा था या नहीं.
और पढ़ें
- वर्दी वाला गुंडा, ACP रैंक के अधिकारी ने 9 साल की बच्ची को दिखाया अपना प्राइवेट पार्ट
- आंध्र के 26 साल के बेरोजगार युवक ने की US में आत्महत्या, कर्ज में डूबे पिता कर रहे शव का इंतजार
- कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को SC से राहत, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी से जुड़े मामले में मिली अग्रिम जमानत