हवाई यात्रा के दौरान अचानक घटी एक चौंकाने वाली घटना ने सबको हैरत में डाल दिया. 32 वर्षीय हुसैन अहमद मजूमदार, जो मुंबई से अपने घर सिलीचर लौट रहे थे, फ्लाइट में उन्हें पैनिक अटैक आया. इस दौरान एक सहयात्री ने उन्हें थप्पड़ मार दिया. मामला यहीं नहीं रुका, हुसैन कोलकाता में फ्लाइट से उतरने के बाद अचानक गायब हो गए और फिर 800 किलोमीटर दूर बारपेटा रेलवे स्टेशन पर मिले. ये पूरा घटनाक्रम इंसानियत, सहानुभूति और हवाई यात्रा की मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E-138 की है जो मुंबई से सिलीचर जा रही थी. हुसैन को रास्ते में पैनिक अटैक आया, जिसके बाद फ्लाइट की क्रू उन्हें मदद के लिए आगे ले जा रही थी. तभी एक सहयात्री हाफिजुल रहमान ने हुसैन को थप्पड़ मार दिया. जब उससे पूछा गया कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उसने कहा कि हुसैन उसे "परेशान कर रहे थे". इस घटना का वीडियो वायरल हुआ और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया आई.
कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद आरोपी हाफिजुल रहमान को पुलिस ने हिरासत में लिया लेकिन बाद में छोड़ दिया गया. दूसरी ओर, हुसैन मजूमदार एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद कहीं नजर नहीं आए. उनका मोबाइल भी बंद हो गया, जिससे परिजन और ज्यादा चिंतित हो गए. परिजनों को वायरल वीडियो से ही घटना की जानकारी मिली.
हुसैन मजूमदार के पिता अब्दुल मन्नान ने बताया कि वे बेटे को सिलीचर एयरपोर्ट पर लेने पहुंचे थे, लेकिन वह नहीं आया. जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस जांच में पता चला कि उन्होंने अगली फ्लाइट नहीं ली और ना ही कोलकाता एयरपोर्ट से कहीं और गए. इस जानकारी के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की.
आख़िरकार तीन दिन की तलाश के बाद हुसैन बारपेटा रेलवे स्टेशन पर मिला, जो कोलकाता से करीब 800 किलोमीटर और सिलीचर से करीब 400 किलोमीटर दूर है. पुलिस के अनुसार, वह मानसिक रूप से परेशान और शारीरिक रूप से कमजोर नजर आ रहे थे. फिलहाल उन्हें घर लाया जा रहा है. इस बीच, इंडिगो ने हमलावर यात्री हाफिजुल रहमान पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे अपनी सभी फ्लाइट्स से बैन कर दिया है. एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि वह यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और फ्लाइट में अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.