Assembly Election 2026

महाराष्ट्र को दहलाने की साजिश नाकाम! खंजर, तलवारें और कोयता जैसे साढ़े चार हजार से ज्यादा धारदार हथियार बरामद

महाराष्ट्र के नांदेड़ में पुलिस की छापेमारी में एक घर में 4796 धारदार हथियार मिले हैं इनमें तलवार, खंजर और कोयता जैसे लाखों के हथियार बरामद किए गए हैं.

ai generated
Kuldeep Sharma

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक हड़कंप मचा देने वाली खबर आई है. यहां पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के बड़े जखीरे को पकड़ा है. दरअसल वजीराबाद इलाके के रामदास नगर में एक मकान में पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई की थी, इस दौरान पुलिस को हजारों की संख्या में तलवार, खंजर और कई दूसरे धारदार हथियारों का बड़ा जखीरा मिला है. शुरुआती जांच में यह पता चला है कि इन हथियारों को अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी. इस पूरे मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है.

खबरी से मिला था इन्पुट

जानकारी के अनुसार नांदेड़ ग्रामीण पुलिस स्टेशन की टीम को कुछ दिन पहले एक गुप्त जानकारी मिली थी कि रामदास नगर इलाके के एक घर में बड़ी संख्या में अवैध हथियार जमा किए गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एक्शन में आ गई और छापा मारने की  योजना भी तैयार कर ली गई.

इसके बाद बड़ी ही सावधानी और सतर्कता से पुलिस ने उस मकान पर छापा मार दिया. जैसे ही पुलिस की टीम घर के अंदर पहुंची तो वहां नजारा ही कुछ और था. मकान में मौजूद हथियारों की इतनी बड़ी खेप देखकर सभी पुलिसकर्मी दंग रह गए. इसके बाद पुलिस ने पूरे घर की अच्छे से तलाशी लेकर तलवार, खंजर और कोयता समेत हजारों धारदार हथियार अपने कब्जे में ले लिए.

लाखों के 4,796 हथियार किए जब्त

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस पूरी छापामार कार्रवाई के दौरान 4,796 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं. इनमें बड़ी संख्या में तलवारें, खंजर और कोयता शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए हथियारों की कीमत तकरीबन 43 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है. पुलिस का कहना है कि इतनी ज्याद संख्या में हथियार एक ही जगह पर मिलना बहुत ही गंभीर मामला है. बरामदगी के बाद इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है.

हथियारों की सप्लाई की हो रही थी तैयारी

इस गंभीर मामले में पुलिस ने 50 साल के जसवंत सिंह प्रकाश सिंह सुखमनी को गिरफ्तार किया है. आरोपी से शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि इन हथियारों को बेचने के मकसद से लेकर आया था. वहीं जांच एजेंसियों को शक है कि इन हथियारों की सप्लाई अलग-अलग इलाकों में की जानी थी. फिलहाल पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए और किन लोगों तक पहुंचाए जाने वाले थे.

नेटवर्क का लगाया जा रहा है पता

इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच को और तेज कर दिया है. अधिकारी अब यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियारों का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था. इसके साथ ही पुलिस आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा रही है. इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और मामले को बहुत ही संवेदनशील मानकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.