'मैं जो कुछ हो आपकी वजह से हूं...,' इंडिगो के पायलट का उड़ान से पहले मां को सम्मानित करने वाला वीडियो दिन बना देगा
इंडिगो के कैप्टन जसवंत वर्मा ने यात्रा के दौरान यात्रियों के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की. इसके अलावा यह भावुक पल इंडिगो के एक अन्य पायलट प्रदीप कृष्णन की वायरल घोषणा की याद दिलाता है, जिन्होंने पटना से चेन्नई की उड़ान में टूटी-फूटी हिंदी में यात्रियों का दिल जीता था.
आंध्र प्रदेश के एक पायलट ने अपनी मां को उड़ान के दौरान सम्मानित कर एक भावुक पल शेयर किया. इंडिगो फ्लाइट के कैप्टन जसवंत वर्मा ने यात्रियों के साथ अपनी मां के अटूट समर्थन की कहानी बयां की, जिनके कारण वह पायलट बनने के अपने सपने को पूरा कर सके.
सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कैप्टन जसवंत ने कहा, “नमस्ते, महिलाओं और सज्जनों. यह आपका कैप्टन जसवंत बोल रहा है. इंडिगो को चुनने के लिए धन्यवाद.” उन्होंने आगे कहा, “यह मेरे लिए बहुत खास दिन है क्योंकि जिस शख्स ने मेरे पायलट बनने के सपने को समर्थन दिया, मेरी मां, आज पहली बार मेरे साथ इस उड़ान में हैं. कृपया उनके लिए जोरदार तालियां बजाएं.”
मां का समर्पण और संघर्ष
इंडिगो फ्लाइट के कैप्टन जसवंत वर्मा ने बताया, “हम तिरुपति बालाजी के पास एक छोटे से गांव से आते हैं. हमारे लिए पायलट बनने का सपना कल्पना से परे था. लेकिन मेरी मां ने हर कदम पर मेरा साथ दिया, हर संघर्ष में, रातों की नींद उड़ने में और एजुकेशन लोग की ईएमआई में भी.” उन्होंने गर्व से कहा, “उनके कारण ही मैं आज एक कैप्टन के रूप में इस विमान को उड़ा रहा हूं, सारी जिम्मेदारियां निभाते हुए, अपने सपनों को जी रहा हूं.”
मां के लिए एक शब्द में श्रद्धांजलि
अपनी मां की ओर मुखातिब होकर इंडिगो फ्लाइट के कैप्टन जसवंत वर्मा ने कहा, “एक शब्द में कहूं तो, यह सब आपके कारण है. अगर आप न होतीं, तो मैं भी न होता.” यात्रियों ने तालियों से इस जोड़ी का अभिनंदन किया.
वायरल वीडियो में कई यूजर्स ने दी अपनी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को कैप्शन दिया गया, “मां के लिए स्वागत घोषणा.” जसवंत ने कमेंट में लिखा, “एक शब्द में, अगर आप न होतीं, तो न मैं होता, न पायलट, न ही कैप्टन जसवंत.” वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. एक यूजर ने लिखा, “पुरुष आए, देखा और रो पड़े. मेरे फीड पर यह खूबसूरत वीडियो.” एक अन्य ने कहा, “अम्मा के साथ उड़ान भरने और ड्यूटी पर होने का एहसास.
जब मैं यह वीडियो देख रहा था तो मेरी आंखों में आंसू आ गए- यूजर
वहीं, एक अन्य यूजर्स ने लिखा, "यह बहुत प्यारा है. आपकी अम्मा की खुशी हमारा दिल पिघला देती है. एक यूजर ने लिखा, "जब मैं यह वीडियो देख रहा था तो मेरी आंखों में आंसू आ गए."
यह पल एक अन्य इंडिगो पायलट से जुड़ी ऐसी ही वायरल घटना को याद करता है. पटना से चेन्नई के लिए उड़ान भर रहे तमिल पायलट प्रदीप कृष्णन ने यात्रियों को हर्षित, थोड़ी टूटी हुई हिंदी घोषणा के साथ मंत्रमुग्ध कर दिया, "सबका नमस्कार है. मेरा हिंदी बहुत सुंदर है। हम आज पटना से चेन्नई जाते हैं."