T20 World Cup 2026

ट्रंप ने भारत के साथ की व्यापार समझौते की घोषणा, टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार शाम पीएम नरेंद्र मोदी से बात की और इसके बाद भारत के साथ व्यापार समझौते की घोषणा की. यही नहीं डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ 25% से घटाकर 18% करने की बात कही.

X
Sagar Bhardwaj

अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक माहौल में आज एक बड़ी खबर आई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद भारत पर लगाए जाने वाले प्रतिशोधात्मक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है. यह घोषणा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रही व्यापारिक चर्चाओं में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.

भारत अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदने पर हुआ राजी

ट्रंप ने कहा कि यह कदम “दोस्ती और सम्मान” के भाव के साथ उठाया गया है. बातचीत के दौरान ट्रंप ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीदना कम करने और अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से तेल खरीदने पर विचार किया है. इससे साफ संकेत मिलता है कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को भी नई दिशा मिल रही है.

टैरिफ घटने के लिए पीएम मोदी ने ट्रंप का आभार व्यक्त किया. उन्होंने ट्वीट कर कहा, "आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बेहद खुशी हुई। यह जानकर बहुत प्रसन्नता हुई कि 'मेड इन इंडिया' उत्पादों पर अब 18% का कम शुल्क लगेगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 140 करोड़ की आबादी ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद। जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं अपनी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।"