दिल्ली के जामा मस्जिद की सीढ़ियों के नीचे देवी-देवताओं की मूर्तियां... किसने की सीढ़ियाों की खुदाई की मांग

Jama Masjid Survey: संभल की जामा मस्जिद के बाद अब हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने जामा मस्जिद को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) को पत्र लिखकर मस्जिद की सीढ़ियों का सर्वे करने की मांग की है.

Pinterest
Princy Sharma

Jama Masjid Survey: दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. अजमेर शरीफ दरगाह और संभल की जामा मस्जिद के बाद अब हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने जामा मस्जिद को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) को पत्र लिखकर मस्जिद की सीढ़ियों का सर्वे करने की मांग की है. उनका कहना है कि इन सीढ़ियों के नीचे मंदिरों की मूर्तियां छुपी हुई हैं.  

विष्णु गुप्ता ने अपने दावे के लिए ‘मआसिर-ए-आलमगिरी’ नाम की किताब का हवाला दिया है. यह किताब मुगल बादशाह औरंगजेब के शासनकाल का विवरण देती है. किताब के मुताबिक, 25 मई 1679 को जोधपुर से लाई गई मंदिरों की मूर्तियों को जामा मस्जिद की सीढ़ियों में दफनाने का आदेश दिया गया था.  

क्या लिखा है किताब में?  

किताब के मुताबिक, '25 मई 1679 को खान जहां बहादुर जोधपुर से मंदिरों की मूर्तियां लेकर आए. इनमें सोने, चांदी और पत्थर की सजी हुई मूर्तियां थीं. औरंगजेब ने इन्हें जामा मस्जिद की सीढ़ियों में चुनवाने का आदेश दिया.'  

ASI को पत्र में क्या लिखा गया? 

हिंदू सेना ने ASI से आग्रह किया है कि मस्जिद की सीढ़ियों का सर्वे किया जाए. विष्णु गुप्ता का कहना है कि इन मूर्तियों को बाहर निकालकर उन्हें वापस मंदिरों में स्थापित किया जाए. उन्होंने कहा कि मस्जिद की सीढ़ियों में दफन मूर्तियां हिंदुओं की भावनाओं को आहत कर रही हैं.  

औरंगजेब के सच को सामने लाने की मांग

विष्णु गुप्ता का कहना है कि यह सर्वे औरंगजेब के शासनकाल के इतिहास को उजागर करेगा। उनका दावा है कि मस्जिद की सीढ़ियों के नीचे सैकड़ों मंदिरों के अवशेष छिपे हुए हैं.