West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

अपहरण, रेप के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा... घर में नहीं मिली तो मां को मार दी गोली, हैरान कर देगी ये क्राइम मिस्ट्री

Delhi Crime News: दिल्ली के जहांगीरपुरी में हैरान करने वाली क्राइम मिस्ट्री सामने आई है. एक सिरफिरे ने पहले पिछले साल जुलाई में एक नाबालिग लड़की के साथ ज्यादती की. फिर अब करीब 10 महीने बाद उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी फरार है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

India Daily Live

Delhi Crime News:  उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक सिरफिरे ने पहले एक नाबालिग लड़की का अपहरण किया. फिर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया. चूंकि आरोपी नाबालिग था, इसलिए बाल सुधारगृह से वो जल्दी छूट गया था. करीब 10 महीने के अंदर आरोपी ने पीड़िता की मां की गोली मारकर हत्या कर दी है और अपने साथियों के साथ फरार हो गया. फिलहाल, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है. साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है.

18 साल का आरोपी दूसरे समुदाय का जबकि पीड़िता दूसरे समुदाय की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी अक्सर लड़की का पीछा करता था और उससे दोस्ती करना चाहता था. जब ये बात लड़की के घऱवालों को पता चली, तो उन्होंने इसका विरोध किया. उधर, आरोपी के परिजन ने भी उसे दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया, लेकिन आरोपी इस बीच भी लड़की के घर के पास आकर उसका पीछा करता था. दोबारा आरोपी के कापसहेड़ा से जहांगीरपुरी आने की खबर लड़की के परिजन को मिली तो उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए दिल्ली के बाहर हॉस्टल में शिफ्ट कर दिया.

लड़की के हॉस्टल जाने के बाद से नाराज था आरोपी

कहा जा रहा है कि लड़की को हॉस्टल में शिफ्ट किए जाने के बाद से आरोपी उसके परिजन से नाराज था. शुक्रवार को आरोपी अपने दो साथियों के साथ लड़की के घर पहुंचा और उसके बारे में पूछताछ की. इस दौरान लड़की की मां ही घर पर मौजूद थी. जब उन्होंने आरोपी को धमकाया तो उसने बंदूक निकालकर लड़की की मां को गोली मार दी. 

गोली चलने की आवाज सुनने के बाद इलाके के लोग पीड़िता के घर की ओर दौड़े. तब तक आरोपी बंदूक लहराते हुए अपने साथियों के साथ फरार हो गया. उधर, पड़ोसियों ने घायल महिला को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

मृतका के परिजनों ने पुलिस पर लगाए ये आरोप

मृतका के परिजन का आरोप है कि आरोपी सिरफिरे की करतूतों के बारे में पुलिस को कई बार जानकारी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया. मृतका के परिजन के मुताबिक, आरोपी पिछले कुछ महीनों से लगातार धमकियां दे रहा था. हाल ही में उसने सोशल मीडिया पर एक फोटो डाली थी, जिसमें वो हथियार लहराते हुए दिख रहा था. 

वारदात को लेकर डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) जितेंद्र मीना ने कहा कि मृतका और आरोपी दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं. वारदात के बाद दोनों पक्षों और समुदाय के लोगों के साथ बातचीत की गई है. उनसे शांति बरतने की अपील की गई है. फिलहाल, मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.